अन्तर्राष्ट्रीय

केन्या की राजधानी नैरोबी में बाढ़ और इमारत गिरने से 17 लोगों की मौत

kenya-flood_650x400_71461987112एजेंसी/  नैरोबी: केन्या की राजधानी में तूफान में एक इमारत गिर गई, जिसमें कम से कम 17 लोग मारे गए। इमारत में एक महिला और एक बच्चे सहित कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। राष्ट्रपति उहुरू केन्याट्टा ने घटनास्थल का दौरा किया। घटना में कल दस लोगों की मौत हुई थी।

दो वर्ष पुराने इस भवन में 150 परिवार रहते थे और भवन अधिकारियों ने इसके कमजोर होने की आशंका जताते हुए खाली करने के आदेश दिए थे, लेकिन आदेश की अनदेखी की गई।

गृह मंत्री जोसफ काईसेरी ने संवाददाताओं से कहा, ‘दस शव बरामद किए गए हैं और 80 लोगों को हमने अस्पताल में उपचार कराने के बाद छुट्टी दे दी है।’ नैरोबी में अन्य स्थानों पर सात अन्य लोगों की मौत हो गई, जिसमें चार की मौत एक दीवार ढहने से हुई।

काईसेरी ने कहा, ‘भवन में एक महिला और उसका बच्चा है जो जिंदा हैं और उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास हो रहा है। समझा जाता है कि भवन में अन्य लोग भी फंसे हुए हैं।’ नैरोबी के पुलिस प्रमुख जोफेथ कूमे ने कहा, ‘हमने कल रात इमारत गिर जाने के बाद सात लोगों को खो दिया है। 121 अन्य लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।’ केन्या रेडक्रॉस ने पुलिस और अन्य बचाव सेवाओं के साथ मलबे की खाक छानना जारी रखा और बताया कि कुल 150 लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

शनिवार को पास के घने बेस हुरमा में दो इमारतों को असुरक्षित घोषित किया गया और उनमें से लोगों को निकाला जा रहा है।

दूसरी घटनाओं में दो लोग राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र में उस समय डूब गए, जब उनके वाहन बाढ़ के पानी में बह गए। एक और व्यक्ति बाढ़ में मारा गया तथा चार लोग एक दीवार के गिर जाने से मारे गए। नैरोबी के उप गवर्नर जोनाथन मुएके ने शनिवार सुबह गिरी हुई इमारत का मुआयना किया और कहा कि जांच से पता लगाया जाएगा कि दो साल पुरानी इमारत कैसे गिर गई।

Related Articles

Back to top button