
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के कक्षा-4 के छात्र मेधांश सक्सेना ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की कॉमनवेल्थ शतरंज प्रतियोगिता हेतु अर्हता अर्जित कर लखनऊ एवं प्रदेश का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। कॉमनवेल्थ शतरंज प्रतियोगिता में 80 देशों के बाल खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता हेतु सी.एम.एस. छात्र मेधांश उत्तर प्रदेश से चयनित होने वाले इकलौते शतरंज खिलाड़ी है। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। विदित हो कि 10 वर्ष की अल्प आयु में ही मेधांश अब तक जिला स्तर, राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर की लगभग 20 प्रतियोगिताओं में चैम्पियन का खिताब जीत चुका है, जिनमें अण्डर-7 नेशनल चेस चैम्पियनशिप, अण्डर-10 डिस्ट्रिक्ट ओपेन चेस टूर्नामेन्ट, लखनऊ इण्टरनेशनल रेटिंग ऑल इण्डिया ओपन चेस चैम्पियनशिप आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा, ग्रीस (यूनान) में आयोजित वर्ल्ड यूथ चेस चैम्पियनशिप में भी प्रतिभाग कर चुका है। श्री शर्मा ने बताया कि अपनी विलक्षण प्रतिभा के दम पर सी.एम.एस. का यह मेधावी छात्र अल्प आयु में ही एक विख्यात शतरंज खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बना चुका है एवं कॉमनवेल्थ शतरंज प्रतियोगिता में भी देश का नाम अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर रोशन करने को संकल्पित है।
सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी सी.एम.एस. के इस होनहार बाल खिलाड़ी की उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त हुए अपनी शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया है। डा. गाँधी ने कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने व संवारने का भरपूर अवसर उपलब्ध करा रहा है और दूसरी ओर सी.एम.एस. के होनहार छात्र पूरी दुनिया में विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। हमें अपने इस नन्हें छात्र पर गर्व है। सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या डा. (श्रीमती) विनीता कामरान ने बताया कि मेधांश शतरंज के साथ ही पढ़ाई में भी आगे रहता है। यह एक होनहार छात्र है और कॉमनवेल्थ शतरंज प्रतियोगिता में मेधांश का चयन अपेक्षा के अनुरूप ही है। हमें पूरा विश्वास है कि इस अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेधांश अपने खेल कौशल का जोरदार परचम लहरायेगा और देश का नाम रोशन करेगा।