मनोरंजन

कोटा फैक्ट्री के एक्टर को मिला MX प्लेयर पर बड़ा मौका, बनेंगे गर्लफ्रेंड चोर

OTT प्लेटफॉर्म MX प्लेयर इस कोरोना काल में एक नई वेब सीरीज ‘गर्लफ्रेंड चोर’ को अपने प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने जा रहा है। जैसा कि इस सीरीज के शीर्षक से पता चल रहा है, यह प्यार मोहब्बत के आगे पीछे भागते आज कल के युवाओं की कहानी पर आधारित है। इस रोमांटिक कॉमेडी जॉनर वाली वेब सीरीज में अभिनेता मयूर मोरे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं शिशिर शर्मा, सोनाली सचदेव, हिमानी शर्मा, कुशाग्रे दुआ, दीक्षा जुनेजा और आशीष विद्यार्थी भी मुख्य भूमिका निभाएंगे।

सीरीज की कहानी मयूर मोरे के किरदार अकाश के इर्द-गिर्द घूमती है। आकाश एक ऐसा लड़का है जिसे हर एक लड़की हमेशा दोस्त घोषित कर देती है। लेकिन वह हमेशा से एक प्रेमिका की तलाश में रहता है। सीरीज की कहानी जैसे जैसे आगे बढ़ती है, आकाश कुछ ऐसे दांव पेच आजमाता है कि वह अपनी किस्मत ही बदल देता है। जो लोग इंटरनेट को मनोरंजन का जरिया समझकर इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए मयूर मोरे एक जाना पहचाना चेहरा हो सकता है। पिछले साल टीवीएफ की वेब सीरीज ‘कोटा फैक्ट्री’ में मुख्य भूमिका निभा चुके मयूर दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना बटोर चुके हैं।

वेब शो ‘कोटा फैक्ट्री’ में मयूर ने एक पढ़ाकू लड़के का किरदार निभाया है। यहां मयूर एक कॉलेज के लड़के जरूर हैं लेकिन वे लड़कियों के पीछे अपना ज्यादा समय बर्बाद करते हैं। एमएक्स प्लेयर की इस वेब सीरीज के सभी एपिसोड एक साथ 17 अप्रैल यानी शुक्रवार को प्रसारित किए जाएंगे। ज्ञात है कि कोरोना वायरस की वजह से पूरे भारत में केंद्र सरकार ने 3 मई तक लॉकडाउन लागू किया है। इस वजह से सभी देशवासियों के पास नेटफ्लिक्स, अमेजॉन प्राइम वीडियो, जी5, हॉटस्टार जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स मनोरंजन के प्रमुख साधनों में से एक बने हुए हैं।

 

Related Articles

Back to top button