कोर्ट से लौट रही पत्नी से दोस्तों संग पति ने किया गैंगरेप
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/01/rape-567fd0c39f632_l-1.jpg)
दस्तक टाइम्स एजेन्सी/
मध्यप्रदेश के देवास में तलाक के मुकदमे का सामना कर रही एक महिला के साथ उसके पति और उसके दोस्तों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद उसे एक बोरे में बंद कर फेंकने का मामला सामने आया है। बुरी तरह घायल बोरे में बंद महिला पर राहगीरों की नजर पडऩे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सेंट्रल कोतवाली पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीडि़त महिला 25 जनवरी को अपने पति से तलाक के मुकदमे की पेशी के बाद सीहोर जिला न्यायालय से वापस आ रही थी। देवास बस स्टैंड पर उतरकर महिला को अपने मायके उज्जैन स्थित नागझिरी जाना था। बस स्टैंड पर उसे जीप में सवार उसका पति पप्पू जायसवाल मिला। उसके पति के साथ उसके सात और दोस्त थे। उसके पति ने उसे जरूरी बात करने के बहाने बुलाया और जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी महिला को किसी और स्थान पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला किया और इसी अवस्था में उसे मृत समझकर एक बोरे में बंद कर ग्राम रसूलपुर के पास सड़क पर पटक गए। पुलिस के मुताबिक 26 जनवरी की शाम बोरे में हलचल और उसके अंदर से आवाज आने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बोरा खुलवाकर महिला को अस्पताल भिजवाया। महिला ने बताया कि उसकी ससुराल सीहोर जिले के आष्टा के मालीपुरा में है और उसका पति भी वहीं रहता है। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।