अपराधउत्तराखंडराज्य

खनन माफिया ने सिपाही पर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाई, पसलियां टूटीं

विकासनगर में सिपाही पर खनन माफिया ने ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ा दी, जिससे उसकी छाती की पसलियां और जोड़ा टूट गया है। मामला विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के ढकरानी गांव का है। जहां आज सुबह करीब 5:00 बजे खनन माफियाओं ने सिपाही मनोज कुमार की छाती पर ट्रैक्टर के टायर का अगला पहिया चढ़ा दिया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिपाही देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों ने उनकी हालत हालत खतरे से बाहर बताई है। फरार चालक की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

रुड़की में सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाकर गोकशी का आरोपी फरार
वहीं कोर्ट में पेश होने के बाद रुड़की जेल लौटते समय रास्ते में दो सिपाहियों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर गोकशी का आरोपी फरार हो गया। एक सिपाही ने भागकर जान बचाई जबकि आरोपी ने एक सिपाही को ट्रैक्टर से कुचल दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलते ही लंढौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां सिपाही की हालत नाजुक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही लक्सर, मंगलौर और रुड़की के सीओ भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी। साथ ही आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर रही है।

लक्सर पुलिस ने 25 अक्तूबर को क्षेत्र में गोकशी का मामला पकड़ा था। पुलिस ने मामले में जौरासी निवासी शहजान पुत्र जीशान समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। तभी से आरोपी शहजान फरार चल रहा था। बृहस्पतिवार रात पुलिस ने गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद आरोपी को रुड़की जेल में भेजने के लिए लक्सर कोतवाली के दो सिपाही बलदेव और त्रेपन बाइक पर लेकर चले थे।

आरोपी ने सिपाही बलदेव के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया
जैसे ही उनकी बाइक लंढौरा से आगे पहुंची तो बीच में बैठे आरोपी ने बाइक चला रहे सिपाही का हाथ पकड़ लिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। सिपाही कुछ समझ पाते कि आरोपी छूटकर भाग गया। सिपाही त्रेपन ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह सड़क किनारे भट्ठे पर खड़े चाबी लगे ट्रैक्टर पर जा बैठा और ट्रैक्टर को स्टार्ट कर दोनों सिपाहियों के पीछे दौड़ा दिया। सिपाही त्रेपन ने भागकर अपनी जान बचाई।

जबकि, आरोपी ने सिपाही बलदेव के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इससे बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी कुछ दूरी पर ट्रैक्टर छोड़कर जंगल की तरफ फरार हो गया। सूचना मिलते ही लंढौरा पुलिस चौकी इंचार्ज रणवीर चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को आननफानन में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।

यहां सिपाही की हालत गंभीर देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाने की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन में सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट, सीओ मंगलौर डीएस रावत और सीओ लक्सर अविनाश वर्मा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तीनों सीओ ने जौरासी गांव पहुंचकर आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

Related Articles

Back to top button