![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2014/10/bjp_har.jpg)
चंडीगढ़। हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तिलिस्म नजर आया है। कांग्रेस और इनेलो धराशायी हो गई है। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा अपने दम पर 45 सीटों पर पहुंची है और दो सीटों पर बढ़त है। भारतीय राष्ट्रीय लोकदल [इनेलो] 20 और कांग्रेस 15 सीटों पर सिमट गई है। भाजपा विधायक दल के नेता अनिल विज ने अम्बाला कैंट सीट फिर से जीत ली है। उन्होंने पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को 15462 मतों के अंतर से पराजित किया। पार्टी के करनाल से प्रत्याशी मनोहर लाल खट्टर ने सर्वाधिक 63773 मतों से जीत दर्ज की। पंचकूला से ज्ञान चंद गुप्ता और सोनीपत से कविता जैन भी चुनाव जीत गई हैं। उधर राज्य में सत्तरूढ़ कांग्रेस को इस चुनावों में करारी शिकस्त मिली है। झज्जर में उसकी प्रत्याशी और शिक्षा मंत्री गीता भुककल, आबकारी मंत्री किरण चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा गन्नौर से चुनाव जीत गए हैं। भुक्कल ने इंडियन नेशनल लोकदल [इनेलो] प्रत्याशी साधु सिंह को 26584 मतों से, चौधरी ने इनेलो की कमला रानी को 19741 मतों से तथा शर्मा ने इनेलो के निर्मल रानी को 7543 मतों के अंतर से पराजित किया। एजेंसी