फीचर्डराष्ट्रीय

घुसपैठ का इंतजार कर रहे 2,000 आतंकवादी : सेना

loc ghuspaithनई दिल्ली। सेना का कहना है कि नियंत्रण रेखा के दूसरी ओर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में 2,000 से अधिक आतंकवादी भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने का इंतजार कर रहे हैं। सैन्य सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि (नियंत्रण रेखा के) दूसरी ओर 2,000 से अधिक आतंकवादी छिपे हुए हैं और वहां के 20 आतंकवादी शिविरों में उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेना के जवान और दूसरे सीमा सुरक्षा बल हालात पर नजर बनाए हुए हैं और भारतीय क्षेत्र में घुसने की आतंकवादियों की किसी भी कोशिश को असफल करने के लिए अतिरिक्त चौकसी बनाए हुए हैं। पिछले एक हफ्ते से पाकिस्तानी सेना लगातार नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है और ऐसे समय में इन आतंकवादियों को भारतीय क्षेत्र में घुसाने की कोशिशें की जा रही हैं। इस महीने जम्मू और पुंछ जिलों में संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में नियंत्रण रेखा एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी एवं गोलीबारी में छह लोग मारे गए हैं जबकि बीएसएफ जवान समेत 50 अन्य घायल हुए हैं। सैन्य सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष पाकिस्तान के संघर्ष विराम उल्लंघनों का उचित जवाब दे रहा है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button