टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंग

चलती ट्रेन के टॉयलेट में तिहाड़ की महिला कैदी से दुष्कर्म

नई दिल्ली : एक महिला कैदी से तिहाड़ जेल की चलती ट्रेन के टॉयलेट में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस मामले में दिल्ली पुलिस डीएपी की थर्ड बटैलियन में तैनात जवान पर आरोप लगाया है। महिला कैदी का कहना है कि जब उसे ट्रेन से पश्चिम बंगाल से दिल्ली लाया जा रहा था, तब 3-4 अगस्त की रात डीएपी के जवान ने चलती ट्रेन के बाथरूम में उसके साथ रेप किया। पीड़िता का कहना है कि वह रात के वक्त जबर्दस्ती ट्रेन के उस टॉयलट में घुस गया, जिसमें वह फ्रेश होने गई थी। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तिहाड़ जेल के अधिकारियों को दी जानकारी: दिल्ली आने के बाद महिला कैदी ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

इसके बाद मामला दिल्ली पुलिस को रेफर कर दिया गया और पीड़ित महिला कैदी का मेडिकल डीडीयू अस्पताल में कराया गया। डॉक्टरों ने कुछ सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी। महिला कैदी के खिलाफ दिल्ली के भजनपुरा और पश्चिम बंगाल में 2 मामले दर्ज हैं। पश्चिम बंगाल में दर्ज एक मामले के सिलसिले में महिला कैदी को एक अगस्त को वहां की कोर्ट में पेश होना था। इसके लिए दिल्ली से डीएपी की दो महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी ट्रेन से पश्चिम बंगाल गए थे। आरोप है कि वहां से 3-4 अगस्त यह टीम दिल्ली लौट रही थी। उस वक्त देर रात ट्रेन में सब सो रहे थे। महिला कैदी ने टॉयलेट जाने के लिए बोला तो दोनों महिला पुलिसकर्मी उसे ले गईं। आरोप है कि टॉयलेट के बाहर पहरा दे रहीं दोनों महिला पुलिसकर्मियों को डीएपी के पुरुष पुलिसकर्मी ने यह कहकर लौटा दिया कि वह यहां खड़ा है। वे अंदर जाएं। आरोप है कि जैसे ही दोनों महिला पुलिसकर्मी अपने कोच में गईं, पुरुष पुलिसकर्मी ने जबर्दस्ती टॉयलेट का गेट खोलकर उसके साथ रेप किया। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी। ट्रेन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर आई और महिला कैदी को तिहाड़ जेल ले जाया गया। उसने मामले की शिकायत जेल के अधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया। जेल के उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के साथ ही पुलिस को भी इस बारे में बताया गया।

Related Articles

Back to top button