राज्य

चाहे जितनी सीट मिले नीतीश ही होंगे सीएमः लालू

दस्तक टाइम्स / एजेंसी
lalu-prasad-yadavपटना। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि चुनाव बाद राजद को चाहे जितनी भी सीटें आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। हालांकि इस संबंध में लोग कई तरह की बातें कर रहे हैं। लेकिन एक बार जब मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार को लेकर जनता के सामने पार्टी ने संकल्प ले लिया है तो उससे अलग हटने का सवाल ही नहीं है। श्री प्रसाद गुरुवार को एक होटल में आयोजित एक निजी चैनल के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं रामविलास पासवान नहीं। चल देते हैं, तो भईस की तरह मूड़ी गाड़ के चल देते हैं। अगर गलत किया तो कल को चुनाव में जनता मुझसे सवाल पूछेगी। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बन चुके हैं, इतना तय है। भाजपा को लाठी से खदेड़ देना है, फिर बिहार की तरक्की होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे छोटे भाई हैं। हम दोनों भाई लड़ते रहे तो भाजपा बीच से आगे निकल गई। जब लोकसभा चुनाव में रघुनाथ झा की जमानत जब्त हो गई तो हमने नीतीश कुमार से कहा कि एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करना होगा। राजद, जदयू, कांग्रेस के बीच महागठबंधन हो चुका है। सभी दलों के कार्यकर्ता एक दूसरे को वोट देने के लिए चट्टानी एकता के साथ एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश व राज्य में उच्च वर्ग के लोग लाभ का भोग लगा रहे थे। रोटी जल रही थी, मैंने अपने शासनकाल में उस रोटी को पलट दिया। इससे उच्च वर्ग के कुछ खास लोगों में तकलीफ है। उच्च वर्ग के प्रगतिशील लोग मेरे समर्थक हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश ने दस साल तक भाजपा को नजदीक से देखा फिर लात मार के अलग कर दिया।

Related Articles

Back to top button