![abvp-student-protest-against-fee-increasing-56cd459c5ad01_exlst](http://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/02/abvp-student-protest-against-fee-increasing-56cd459c5ad01_exlst-300x224.jpg)
भारी संख्या में समर्थक सचिवालय पहुंचे, जहां पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान बेरिकेडिंग के ऊपर से घुसने की कोशिश करने वाले कुछ कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां फटकारी।
मंगलवार सुबह एबीवीपी के कार्यकर्ता भारी संख्या में भाजपा महानगर कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से हल्ला बोल रैली के रूप में सचिवालय की ओर बढ़े। सचिवालय से करीब 100 मीटर पहले ही पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाई थी। यहां सभी को रोक दिया गया। इस मौके पर प्रांत संगठन प्रभारी बृजेश बनकोटि ने कहा कि पहाड़ों के प्रति उपेक्षा के भाव से पलायन बढ़ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत श्रीवास्तव ने कहा कि पहाड़ों पर आज तक सरकार रोजगार के मौके उपलब्ध नहीं करा पाई। रैली संयोजक आशीष बहुगुणा और सहसंयोजक प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश की जनता बच्चों की शिक्षा के लिए कृषि आधारित अपनी आजीविका से धन जुटाती है।
इतनी कम कमाई वाले लोगों के बच्चे बढ़ी हुई फीस की वजह से डॉक्टर या इंजीनियर नहीं बन पाएंगे। इस बीच कुछ कार्यकर्ता गुस्सा गए और बेरिकेडिंग पार करने लगे। एक कार्यकर्ता ने पुलिस का डंडा छीन लिया। व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां फटकारी।
बाद में एबीवीपी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत श्रीवास्वत की अगुवाई में अपर सचिव तकनीकी शिक्षा से मिला। वार्ता में शासन ने एबीवीपी की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया। इसके बाद कार्यकर्ता लौट गए। संगठन ने चेतावनी जारी की है कि अगर सरकार ने अपना फैसला वापस न लिया तो वह प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेंगे।