राष्ट्रीय

छेड़छाड़ कांड : विकास बराला ने मानी पीछा करने की बात!

IAS की बेटी से छेड़छाड़ के आरोपी विकास बराला ने पूछताछ में पीड़ित का पीछा करने की बात मान ली है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। सड़क से लेकर संसद तक में इस हाई प्रोफाइल मामले पर विरोध के बाद हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी आशीष को बुधवार को अरेस्ट कर लिया गया। आज दोनों को चंडीगढ़ की अदालत में पेश किया जाएगा। बुधवार को दोनों आरोपी चंडीगढ़ के सेक्टर 26 थाने पहुंचे थे। विकास बराला के खिलाफ दर्ज मामले में अपहरण की कोशिश की दो गैरजमानती धाराएं भी जोड़ी दी गई हैं, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई। बता दें कि पुलिस ने इस मामले में घटना वाली रात के सीसीटीवी फुटेज बरामद किए थे, जिसमें विकास बराला वर्णिका की कार का पीछा करते हुए नजर आए थे।

चंडीगढ़ पुलिस के डीजी तेजिंदर सिंह लूथरा ने कहा कि विकास और उसके दोस्त आशीष पर अपहरण का केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 160 के तहत केस दर्ज किया गया जबकि विकास बराला के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 354डी(पीछा करना), 341(गलत इरादा रखना), 34 और 185 MV धारा(रैश ड्राइविंग) के मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि 5 अगस्त को चंडीगढ़ पुलिस ने विकास बराला और उनके साथी को युवती से छेड़छाड़ के आरोप में अरेस्ट किया था, लेकिन उसी दिन उन्हें बेल मिल गई थी। उसी रात छोड़े जाने को लेकर सवाल उठने लगे थे, जिसके बाद सुभाष बराला ने केस में पुलिस पर किसी तरह का दबाव बनाए जाने की बात से इनकार किया था। सुभाष बराला ने मामले को लेकर बुधवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान सुभाष बराला ने कहा कि उनका बेटा विकास पुलिस को जांच में पूरी तरह सहयोग करेगा और अगर वह जांच के दौरान दोषी भी पाया जाता है तो उस पर कानून कड़ी कार्रवाई करेगा। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में ही सुभाष बराला को उनके बेटे का फोन आया और वह कॉन्फ्रेंस अधूरी छोड़ बीच में ही उठकर चल दिए थे।

Related Articles

Back to top button