अन्तर्राष्ट्रीय

जर्मनी में चाकू से हमले में 3 लोगों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल, घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर

 

बर्लिन, जून 26। जर्मनी के वुर्जबर्ग में शुक्रवार को एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, हमलावर 24 साल का सोमालियाई मूल का व्यक्ति है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने हमलावर को उसकी जांघ में गोली मारकर रोका नहीं तो वो और भी लोगों को घायल कर सकता था। पुलिस ने बताया है कि आरोपी को लगी गोली सिर्फ उसे रोकने के लिए चलाई गई थी। उसकी जान को किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। अधिकारियों ने बताया है कि पांच लोग, जो गंभीर हैं उनमें से कुछ की हालत काफी गंभीर है, उन्हें बचाना मुश्किल नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें हमलावर भी नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग उस हमलावर से जूझते हुए दिखाई देते हैं। इसी दौरान पुलिस के साथ एक भीड़ उस हमलावर को पकड़ने के लिए भागती है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी 2015 से वुर्जबर्ग में रह रहा है। बता दें कि इसी साल जर्मनी ने लाखों शरणार्थियों और अप्रवासियों के लिए अपने बॉर्डर खोल दिए थे। ये शरणार्थी सोमालिया और कई पड़ोसी देशों से भागकर जर्मनी में आए थे। अधिकारियों ने बताया है कि आरोपी की स्थिति पहले ठीक थी, वो हाल ही के दिनों में हिंसक प्रवृति में देखा जाने लगा था। कुछ दिनों से उसका मनोरोग उपचार चल रहा था।

Related Articles

Back to top button