जानिए कैसे बासी रोटी भी आपको बना सकती है सेहतमंद, सुधर सकता है आपका स्वास्थ

आमतौर पर हम सभी जानते हैं कि बासी खाना जो 12 घंटे से अधिक समय तक रखा हो, उसे खाने से दस्त, फूड पॉइजनिंग, एसिडिटी और कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं। यही नहीं, यह भी कहा जाता है कि बासी भोजन को दोबारा गर्म करना कुछ मामलों में स्वास्थ्य के लिए घातक भी हो सकता है। हालांकि, आपको यह जानकर हैरानी होगी कि जहां हम बासी खाने से परहेज करते हैं, वहीं बासी रोटी सेहत के लिए उतनी ही फायदेमंद है।

डॉ प्रियंका रोहतगी,वरिष्ठ सलाहकार, पोषण विशेषज्ञ,अपोलो अस्पताल के मुताबिक रोटी अच्छे से पक जाती हैं इसलिए उसमें मॉश्चर कम रहता है तो उसके खराब होने का कोई डर नहीं है। दरअसल बासी रोटी आपको सेहतमंद बनाती है। ज्यादा गर्म राज्यों में रहने वाले लोग 24 घंटे की बासी रोटी को हल्के तापमान पर फ्रिज में रख कर खा सकते हैं।
गेहूं की रोटी फाइबर से भरपूर होती है, इसमें सोडियम की मात्रा कम होती है और इसका (GI) जीआई सूचकांक कम होता है। ये सभी आपके पाचन के लिए लाभकारी हैं। बासी रोटी रक्त में शर्करा के स्तर और वजन को नियंत्रित करने के लिए बहुत अच्छी है। बासी रोटी नाश्ता करने के लिए बेस्ट ऑप्शंस है। वास्तव में, यह बाजार में उपलब्ध तैयार ओट्स और पोहा से बेहतर और फायदेमंद है। आइए जानते हैं कि कैसे बासी रोटी आपको सेहतमंद बना सकती है
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करती है बासी रोटी। ठंडे दूध के साथ बासी रोटी का सेवन हाई ब्लडप्रेशर वाले लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है। ठंडे दूध में बासी रोटी भिगोएं और इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें। आप इसे अपने सुबह के नाश्ते में खा सकते हैं। यह आपके बीपी को नियंत्रित करने में आपकी मदद कर सकती है।
शरीर के तापमान को नियंत्रित करती है बासी रोटी- सामान्य शरीर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस होता है और यदि यह 40 से अधिक हो जाता है, तो यह आपके अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। ठंडे दूध में भीगी हुई बासी रोटी शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में चमत्कार का काम कर सकती है। बासी रोटी और दूध सुबह के नाश्ते में खाने से आपको अधिक मात्रा में पोषक तत्व मिलते हैं, साथ ही आपको एसिडिटी से भी निजात मिलती है और आपके शरीर का तापमान भी नियंत्रित रहता है।
डायबिटीज के रोगियों के लिए वरदान- अगर आपको डायबिटीज है, तो सुबह के समय बासी रोटी को दूध के साथ खाना फायदेमंद हो सकता है। इससे आपके शरीर में शर्करा का स्तर संतुलित रहेगा।

जिम वाले जरूर खाएं बासी रोटी- जिम करते हैं और बॉडी बनाना चाहते हैं तो बासी रोटी का सेवन करें। कई फिटनेस सेंटर और जिम में एक्सरसाइज के साथ सुबह बासी रोटी खाने की सलाह दी जाती है। ताजी रोटी की अपेक्षा बासी रोटी अधिक पौष्टिक होती है, क्योंकि लंबे समय तक रखे रहने के कारण इसमें जो बैक्टीरिया होते हैं वे सेहत बनाने में लाभकारी होते हैं।
एसिडिटी से छुटकारा दिलाती है बासी रोटी- गेहूं की रोटी में पाया जाने वाला फाइबर आपकी पाचन शक्ति को मजबूत करता है और आपको पेट की समस्याएं नहीं होती। रोज सुबह दूध के साथ बासी रोटी का सेवन करने से आपको एसिडिटी की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।