अन्तर्राष्ट्रीय

जापान ने गिरफ्तार किए उत्तर कोरिया के मछुआरे, चोरी का आरोप

टोक्यो : जापानी पुलिस ने अपने परंपरागत प्रतिद्वंदी उत्तरी कोरियाई मछुआरों के एक समूह को गिरफ्तार कर लिया। समूह को एक निर्जन टापू पर कथित रूप से चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नौका के दिशा भटक जाने के कारण संदिग्धों ने टापू पर शरण ले रखी थी। पुलिस ने कहा कि चालक दल के 10 सदस्यों में से तीन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जबकि सात को आव्रजन हिरासत में रखा गया है, जिसमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तर कोरिया की मछली पकड़ने वाली नौका को पिछले सप्ताहांत में एक निर्जन टापू के पास पाया गया था। उसके बाद जापानी तटरक्षक, नौका के चालक दल और उसके सदस्यों को पूछताछ के लिए पास के एक बंदरगाह ले गए।

मछुआरों ने जापानी अधिकारियों को बताया कि वे सितंबर में उत्तरपूर्व उत्तर कोरिया के चोंगजिन बंदरगाह से जापान सागर में मछली पकड़ने के लिए निकले थे, लेकिन करीब एक महीने पहले स्टीयरिंग व्हील खराब होने के कारण वे दिशाहीन हो गए और भटक गए। चालक दल के कुछ सदस्यों ने माना है कि उन्होंने कुछ घरेलू सामान मात्सुमी कोजिमा द्वीप की एक झोपड़ी से चुराया है और समूह ने टापू पर खराब मौसम के कारण आश्रय लिया। वहीं पुलिस सूत्रों ने मीडिया को बताया, उत्तर कोरियाई मछुआरों के पास से एक टेलीविजन, एक फ्रिज, एक मोटरसाइकिल, चावल पकाने का एक कूकर और स्थानीय मछुआरों से संबंधित अन्य सामान बारमद किया गया है। साथ ही उन्होंने संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत आठ लाख येन (70,500 डॉलर) बताई जा रही है। हाल के हफ्तों में, जापान के उत्तर-पश्चिमी तटों पर उत्तरी कोरिया की नौकाओं की आवाजाही की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है और यह माना जा रहा है कि या तो ये नौकाएं मछली की खोज में अपने प्रादेशिक जल क्षेत्र से भटक गई थीं या फिर पानी की धाराओं और मौसम की खराब स्थिति के कारण ये जापान तट पर आ पहुंचीं।

Related Articles

Back to top button