उत्तर प्रदेश

झटका : सपा की सर्वदलीय बैठक का बसपा-कांग्रेस ने किया बहिष्कार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के साथ ही केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ विपक्ष को एक करने में लगे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को झटका लगा है। लखनऊ में जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के कार्यालय में आज अखिलेश यादव ने विपक्षी दलों के नेताओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया था। इस बैठक का उत्तर प्रदेश के दो बड़े विपक्षी दलों बहुजन समाज पार्टी के साथ ही कांग्रेस ने भी बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस ने तो विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। इसके बाद लगता है उनका समाजवादी पार्टी से मोहभंग हो गया है। निकाय चुनाव के बाद सिकंदरा विधानसभा उप चुनाव में भी कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारा था। बहुजन समाज पार्टी के इस बैठक में नहीं शामिल होने की पहले से ही संभावना थी। इससे तो अखिलेश यादव की विपक्षी एकता की मुहिम को झटका लग गया। अखिलेश यादव ने कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और कम्यूनिस्ट पार्टी को न्योता भेज कर कहा था कि लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर संपूर्ण विपक्ष की एकता बेहद जरुरी है।

इस बैठक में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ विधानमंडल दल के नेता राम गोविंद चौधरी, आजम खां व अहमद हसन थे। इनके साथ राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मसूद, जदयू शरद गुट के सुरेश निरंजन, एनसीपी के रमेश दीक्षित, आरजेडी के अशोक सिंह, अपना दल (कृष्ण पटेल गुट)की पल्लवी पटेल, जनवादी पार्टी के संजय सिंह चैहान, बसपा से निष्कासित विधान परिषद सदस्य नसीमुद्दीन सिद्दीकी व आदमी पार्टी के गौरव महेश्वरी के साथ वाम दल के नेता भी बैठक में थे।

Related Articles

Back to top button