![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2014/12/Omar-Abdullah_1.jpg)
नई दिल्ली/रांची/धनबाद। झारखंड और जम्मू-कश्मीर में हुए पांच चरणों के मतदान के बाद आज वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू हुई। चुनाव परिणाम अभी पूरी तरह आए नहीं है, लेकिन टीवी चैनलों से पार्टी दफ्तरों तक चर्चा शुरू हो गई है। झारखंड में जहां मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसकी चर्चा है, वहीं जम्मू-कश्मीर में किसकी और कैसे सरकार बनेगी, यह बड़ा सवाल है। मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। दोनों राज्यों के प्रमुख राजनीतिक दलों के अंदर आंतरिक हलचल भी तेज हो गई है। जम्मू कश्मीर की 87 विधानसभा सीटों के लिए सत्ताधारी नेशनल काफ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला है और इस बार यहां 821 उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े थे। वहीं, झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए 1136 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होगा। राज्य में पिछले चौदह साल के दौरान नौ विभिन्न सरकारों का राज रहा और तीन बार राष्ट्रपति शासन भी लगाया गया। नतीजों से पहले एग्जिट पोल में बताया गया है कि झारखंड में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है, वहीं जम्मू-कश्मीर में पीडीपी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर रही है। राज्य में भाजपा के दूसरे नंबर की पार्टी बनने का अनुमान है।