स्पोर्ट्स

टेनिस की नंबर वन डबल्स खिलाड़ी पहले ही दौर में बाहर

mirza-thombare-759-1470539290रियो डि जेनेरियो। दुनिया की नंबर एक डबल्स टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और प्रार्थना थोंबारे की जोड़ी भी ओलिंपिक की टेनिस स्पर्धा के पहले ही दौर में हार कर बाहर हो गई। लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना भी पहली बाधा पार नहीं कर सके थे। अब सानिया मिक्स्ड डबल्स में बोपन्ना के साथ चुनौती पेश करेगी। इन दोनों से पदक की उम्मीद है।

सानिया और प्रार्थना को चीन की पेंग शुआइ और शुआइ झांग के हाथों 6-7, 7-5, 5-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला दो घंटे, 44 मिनट तक चला। सानिया के साथ यदि दमदार जोड़ीदार होती तो वह निश्चित तौर पर इस मुकाबले में भारत को जीत दिलाने में सफल रहती।

प्रार्थना को इस मुकाबले में कमजोर कड़ी माना जा रहा था। प्रार्थना की कमजोर सर्विस के कारण भारत ने मैच गंवाया। पहला सेट 70 मिनट तक चला, जिसमें भारतीय और चीनी दोनों ही जोड़ियों ने सर्विस में गलती की। दोनों ने एक-दूसरे की तीन-तीन बार सर्विस तोड़ी। यह सेट टाईब्रेकर तक खिंचा जिसमें चीनी जोड़ी ने 8-6 से जीत दर्ज की।

दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी ने 2-0 और फिर 3-1 से बढ़त बनाई, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम ने अच्छी वापसी की और स्कोर 5-5 कर दिया। चीनी जोड़ी इसके बाद अपनी सर्विस गंवा बैठी, जिससे सानिया और प्रार्थना ने 49 मिनट में 7-5 से यह सेट अपने नाम कर दिया। निर्णायक सेट में एक समय स्कोर 3-3 और 5-5 से बराबर था, लेकिन इसके बाद चीनी जोड़ी के अनुभव के आगे भारतीय जोड़ी हार गई।

थोंबारे का किया बचाव : हार के बाद सानिया ने अपनी जोड़ीदार थोंबारे का बचाव किया। उन्होंने कहा, “उसकी आलोचना करना बंद करिए, वह विश्व में 190वें स्थान पर है। उसने उन लोगों के साथ खेला जो शीर्ष 50 में हैं। उसके साथ इतना कड़ा रुख अख्तियार करने की जरूरत नहीं है। हमने विश्व की सबसे अच्छी जोड़ियों में से एक के खिलाफ खिलाफ दो घंटे, 44 मिनट तक कड़ी चुनौती पेश की।”

“मैं कैसा भी खेलूं पर देश मुझसे हमेशा स्वर्ण की उम्मीद करता है। आखिरकार हम लोग सिर्फ कोशिश कर सकते हैं। खेल में किसी चीज की गारंटी नहीं होती। हम लोग सिर्फ कोशिश करके अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं।” –सानिया मिर्जा

Related Articles

Back to top button