उत्तर प्रदेश

टैंकर की टक्कर से एबीवीपी कार्यकर्ता घायल

कासगंज: मथुरा-बरेली हाइवे पर एबीवीपी कार्यकर्ता के सड़क हादसे के शिकार के बाद गुस्साए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रोड पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस से भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं की जमकर नोंक-झोक हुई। करीब एक घंटे जाम लगा रहा। पुलिस ने जैसे-तैसे समझाबुझाकर कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाकर वाहनों को आवागमन शुरू कराया, तब जाकर जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। घायल कार्यकर्ता को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल हुआ यूं कि एबीवीपी कार्यकर्ता वरूण पुत्र रामकिशन निवासी बारहद्वारी कासगंज बुधवार की दोपहर बाइक से नदरई गेट स्थित कार्यालय जा रहा था, पायल टाकीज के पास से गुजरते समय सामने से टैंकर के चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वरूण घायल हो गया।
वरूण ने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थी के तमाम कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंच गए और जाम लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त करने लगे। एबीवीपी द्वारा जाम लगाकर प्रदर्शन करने की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रिपुदमन सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहंुच गए। एएसपी डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए और जाम लगा रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं से पूरे मामले की जानकारी ली। सड़क से भीड़ हटाने के लिए पुलिस ने मशक्कत शुरू की तो इस पर कार्यकर्ताओं एवं पुलिस में तीखी नोक-झोक भी हुई। हालांकि पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया और सभी कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया, तब कही जाकर सड़क पर आवागमन सुचारू हो सका। उधर घायल वरूण को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

Related Articles

Back to top button