स्पोर्ट्स

टोक्यो ओलिंपिक से लौटीं हॉकी खिलाड़ी रजनी से मिले CM जगनमोहन रेड्डी, सौंपा 25 लाख रुपए का चेक

टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी ई रजनी को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने 25 लाख रुपए, परिवार में एक सदस्य को नौकरी और मकान बनाने के लिए 1000 गज की जमीन देने की घोषणा की. सीएम जगनमोहन रेड्डी ने रजनी से मुलाकात की और उन्हें फूलों का गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया व शुभकामनाएं दीं.

इसके साथ मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने रजनी को 25 लाख रुपए का चेक दिया. मुख्यमंत्री ने साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विभिन्न टूर्नामेंट में पदक जीतने के लिए रजनी को पिछली सरकार के पुरस्कार के वादों को भी पूरा करें. युवा विकास और खेल मंत्री एम श्रीनिवास राव ने इसके बाद संवाददाताओं को बताया कि पिछली सरकार ने कुल 67.50 लाख रुपए के इनाम का वादा किया था लेकिन भुगतान नहीं हुआ.

उन्होंने कहा कि पिछली टीडीपी सरकार ने रजनी को उनके पैत्रिक जिले में 1000 स्क्वायर यार्ड जमीन घर बनाने के लिए देने का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं किया गया. रजनी आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के एर्रवारीपालेम गांव की रहने वाली हैं. रजनी दक्षिण भारत से अकेली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जो टोक्यो ओलिंपिक में टीम की हिस्सा रहीं. वह 2016 में रियो ओलिंपिक में भी महिला हॉकी टीम की हिस्सा थीं. रजनी अब तक 110 अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेल चुकी है. रजनी भारतीय महिला हॉकी टीम ओलंपिक में कांस्य पदक के प्ले आफ मुकाबले में हारने के बाद चौथे स्थान पर रही थीं.

बता दें, भारत के अभियान में कई चीजें पहली बार हुई, जिसमें अब तक का सबसे बड़ा 128-सदस्यीय खिलाड़ियों का दल, सात ओलंपिक पदक, एथलेटिक्स स्पर्धा में पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक, सिंधु द्वारा लगातार खेलों (रियो और टोक्यो) में पदक और भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 41 साल के बाद एक पदक (कांस्य) जीतना शामिल हैं. इसके साथ ही, महिला हॉकी टीम ने खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ चौथा स्थान हासिल किया.

Related Articles

Back to top button