ज्ञान भंडार

डायन बिसाही के आरोप में चार की हत्या, महिला का कटा सिर लेकर आरोपी पहुंचे थाने

murder1_1446360797दस्तक टाइम्स/एजेंसी: रांची/सरायकेला। झारखंड के सरायकेला जिला के कुचाई थानाक्षेत्र में डायन बिसाही के आरोप में चार लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में दो महिला और दो पुरुष शामिल हैं। घटना सोसोकेड़ा गांव की है। आरोपियों ने हत्या के बाद थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। इस दौरान आरोपी एक महिला का कटा सिर लेकर थाने पहुंचे थे। आरोपी सगे भाई हैं।
 
बच्चे की मौत के बाद लगाया डायन बिसाही का अारोप
आरोपी श्यामलाल मुंडा के एक साल के बेटे की शनिवार को किसी वजह से मौत हो गई थी। श्यामलाल ने इस मौत की वजह डायन बिसाही को माना और इसका आरोप अपने पड़ोस में रहने वाली जिंकारू मुंडाईन (70 वर्ष) पर लगाया। देर रात श्यामलाल अपने भाई रायसिंह मुंडा के साथ उसके घर पहुंचा और धारदार हथियार से जिंकारू का सिर धड़ से अलग कर दिया। बगल में ही सोये जिंकारू के दो बेटे घसिया मुंडा (50 वर्ष) व हागल मुंडा (40 वर्ष) और बेटी सोरू मुंडाईन (55 वर्ष) की भी हत्या कर दी।
 
बच्चे का शव भी लेकर पहुंचे थाने
इसके बाद रविवार सुबह दोनों आरोपी बच्चे का शव और जिंकारू मुंडाईन का सिर लेकर थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। पुलिस का कहना है कि इस घटना को अंधविश्वास की वजह से अंजाम दिया गया है। गांव में जागरुकता की काफी कमी है। बताते चलें कि इसी साल अगस्त में रांची जिले के मांडर इलाके के कनीजिया गांव में ग्रामीणों ने ‘डायन’ बताकर लाठी-डंडे से पीट कर पांच महिलाओं की हत्या कर दी थी।

 

Related Articles

Back to top button