तनाव कम करने को ममता से मिलेंगे वेंकैया

नई दिल्ली। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच संसद के भीतर-बाहर जारी तनावपूर्ण रिश्तों को सहज बनाने के लिए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच जल्द मुलाकात हो सकती है। नायडू के 6 दिसंबर को कोलकाता में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने की संभावना है। उसी दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हो सकती है। गौरतलब है कि संसद के शीत सत्र में सरकार के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस सबसे ज्यादा हमलावर है। संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते नायडू सभी दलों के नेताओं से मिलते रहते हैं। ममता ने हाल में दिल्ली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्तमंत्री अरुण जेटली व भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की थी। नायडू के पास शहरी विकास मंत्रालय भी है और उसके तहत आने वाले हुडको ने 6 दिसंबर को कोलकाता में एक कार्यक्रम रखा है। इस कार्यक्रम में नायडू को शामिल होना है।