उत्तराखंडराज्य

द्रोण नगरी में लगे हर-हर महादेव के जयकारे

देहरादून(ईएमएस)। महाशिवरात्रि पर आज द्रोणनगरी के शिवालयों में हर हर महादेव, जय महाकाल के जयकारे गूंजते रहे। टपकेश्वर महादेव मंदिर में आधी रात से ही भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए श्रद्धालु लम्बी कतारों में लग गये थे। महाशिवरात्रि के पर्व पर आज शिवभक्तों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था।

टपकेश्वर महादेव मंदिर में तो आधी रात से ही श्रद्धालुओं की लम्बी-लम्बी कतारें लग गयी थी। मध्यरात्रि को भोले बाबा का विशेष श्रृंगार और अभिषेक किया गया जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिये गये। जिसके बाद शिवभक्तों ने भोलेनाथ जलाभिषेक कर पूजा की। मंदिर में आज सुबह से मेले की चहल-पहल भी शुरू हो गयी। यहां पर दस दिनों तक मेला लगा रहता है। जिसका लुत्फ उठाने के लिए आसपास के लोगों के अलावा शहरभर के लोग यहां पहुंचते हैं। वहीं आज सुबह से रायपुर स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई थी।

मंदिर में पूजा करने के बाद लोगों ने वहां लगे मेले का भी खूब लुत्फ उठाया। बच्चों ने झूला झूल कर और खिलौने खरीद कर तो बड़े लोगों ने चाट पकौड़े खाये। इसी तरह से पंचायती मंदिर, गीता भवन, कालिका माता मंदिर, जंगम शिवालय, नालापानी तपोवन शिव मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर और सिद्धेश्वर मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की फूल, बेलपत्र, धतूरा आदि से विशेष पूजा अर्चना की गयी। वहीं महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ के विशेष प्रसाद का भी भक्तों ने खूब सेवन किया। मंदिरों के बाहर भांग घोट कर देने वालों और घोटा पीने वालों का भी खूब जमावड़ा लगा हुआ था।

Related Articles

Back to top button