ब्रेकिंगराज्य

नागपुर समेत विदर्भ के क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश

मुम्बई : महाराष्ट्र के विदर्भ में लोगों को फिर एक बार बेमौसमी बारिश का कहर झेलना पड़ सकता है। बुधवार देर रात से नागपुर समेत विदर्भ के अकोला, वर्धा और यवतमाल में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है। जिसके चलते किसानों की फसलों पर संकट आ गया है। मौसम का अनुमान लगाने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक, अगले 6-8 घंटों के दौरान कांकेर, भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरोली, गोंदिया, लातूर, नागपुर, वर्धा और यवतमाल में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नागपुर के ग्रामीण इलाके इसपूर, झिपला, बोरी, मेंडकी, चिखली, गोधनी, अवकाली में देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इनमें से कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। जिसके चलते संतरे, गेहूं, चना और कपास की फसल को नुकसान हो सकता है। शहरी इलाके में भी निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिसके चलते सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा है।

विदर्भ के अकोला, यवतमाल और वर्धा जिले में भी ओलावृष्टि के चलते फसलों काे भारी नुकसान की जानकारी सामने आई है। वर्धा में कुछ जगहों पर काबुली चने के आकार के ओले गिरे हैं। अचानक हुई बरसात से नागपुर के तापमान में गिरावट आई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र नागपुर के आंकड़ों के अनुसार, शहर में बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक कुल 8.3 मिलीमीटर बारिश हुई। वर्षा के बाद, नागपुर का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button