स्वास्थ्य

नींद पूरी न होने पर हार्ट अटैक का खतरा, जानिये कैसे..!!

बीजिंग (एजेंसी)। ताजा शोध में बताया गया है कि नींद पूरी नहीं होने यानी अधूरी नीद दिल के दौरे का कारण बन सकती है। शोध में बताया गया है कि इसके कारण पूरे दिन शरीर का संतुलन बिगड़ा रहता है। यदि लगातार यह समस्या बनी रहने पर सेहत के लिए गंभीर परिणाम भी हो सकते हैं। एक शोध में कहा गया है कि अधूरी नींद हार्ट अटैक का कारण बन सकती है। महिलाओं को इसका खतरा सर्वाधिक है। चीन के शेनयांग शहर स्थित चाइना मेडिकल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पूर्व में हुए 15 शोध के नतीजों का अध्ययन किया, जिसमें 1.60 लाख लोगों के आंकड़े शामिल थे।

उनके मुताबिक रात को बहुत प्रयास के बाद नींद आना अच्छा संकेत नहीं है। ऐसे लोगों को दिल के दौरे का खतरा 27 फीसदी तक बढ़ जाता था। इसके अलावा रात को बार-बार नींद खुलना भी अच्छा संकेत नहीं है। शोधकर्ताओं के मुताबिक महिलाओं में हॉर्मोन का स्तर ऐसा होता है कि वे आनुवांशिक रूप से अनिद्रा की शिकार होती हैं। उन्हें हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा सर्वाधिक रहता है। पूर्व के शोधों में अनिद्रा और उससे जुड़े खराब स्वास्थ्य का संबंध तो स्थापित किया गया, लेकिन हृदयरोगों से इसका संबंध स्थापित नहीं हुआ था।

बड़े पैमाने पर यह माना जाता रहा है कि तीन में से वयस्क अनिद्रा की समस्या से ग्रस्त है। नींद हमारे शरीर को स्फूर्ति देने और स्वस्थ रखने के लिए बहुत जरूरी है। विशेषज्ञों के मुताबिक इससे हम ऊर्जावान और तरोताजा महसूस करते हैं। इसके साथ ही नींद पूरी होने से रोग प्रतिरोधक क्षमता और हृदय की कार्यप्रणाली को आराम मिलता है और अन्य अंगों को पुन ऊर्जावान बनाने में मदद मिलती है। चीनी विशेषज्ञों के अनुसार अधूरी नींद के कारण शरीर का रक्तचाप स्तर और चयापचयी तंत्र भी प्रभावित होता है। यह दोनों ही हृदय संबंधी रोगों का प्रमुख कारण होते हैं। चीनी विशेषज्ञों ने अध्ययन के दौरान अनिद्रा के लक्षण और हृदय रोगों से होने वाली मौतों के बीच संबंध तलाशने की कोशिश की।

Related Articles

Back to top button