व्यापार

नीता अंबानी आरआईएल के बोर्ड में

nitaमुंबई। देश की विशालतम कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के अध्यक्ष मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को कंपनी के बोर्ड में शामिल किया जाएगा। यह घोषणा कंपनी ने शुक्रवार को की। यहां 18 जून को होने वाली सालाना आम बैठक में शेयर धारकों से इस बाबत अनुमति ली जाएगी। नीता अंबानी की बोर्ड में नियुक्ति की सिफारिश बोर्ड ने की है। वह रमणीक एच.अंबानी की जगह लेंगी। रमणीक अंबानी समूह के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय धीरूभाई अंबानी के बड़े भाई हैं। कंपनी की स्थापना के समय से ही वह इससे जुड़े रहे हैं। रमणीक 9० वर्ष की अवस्था में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नवंबर में 51 वर्ष की होने जा रहीं नीता अंबानी रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। नीता रिलायंस के बोर्ड में पहली महिला सदस्य होंगी। इससे नए कंपनी अधिनियम-2०13 का एक शर्त भी पूरा हो जाएगा। कानून के मुताबिक 1०० करोड़ रुपये या इससे अधिक की चुकता पूंजी वाली सूचीबद्ध कंपनी के बोर्ड में कम से कम एक महिला सदस्य होनी चाहिए। यह नियम 3०० करोड़ रुपये या इससे अधिक का कारोबार करने वाली कंपनियों पर भी लागू होता है। नीता भरतनाट्यम की नृत्यांगना हैं। पहले उम्मीद की जा रही थी कि नीता और मुकेश अंबानी की 22 वर्षीय पुत्री ईशा अंबानी से कंपनी में बड़ी भूमिका निभाने के लिए कहा जा सकता है। ईशा अभी मैकिंसे में सलाहकार है।

Related Articles

Back to top button