न्यू ईयर 2019 में सपने होंगे साकार, नौकरियों का खोलेगा पिटारा

नए साल में हरियाणा में समाज के दो बड़े वर्गों के सपने साकार होंगे। नौकरियों का पिटारा खुलेगा तो किसानों को भी सहारा मिलेगा। ऐसे में हरियाणा में रोजगार की बाट जोह रहे युवाओं के सपनों को साकार करने में वर्ष 2019 मददगार साबित हो सकता है। युवाओं के लिए सरकार चुनावी साल में नौकरियां का न केवल पिटारा खोलने वाली है, बल्कि समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की भी तैयारी है।
किसानों का कर्ज माफ करने के बजाए पेंशन देने पर गहन मंथन चल रहा है। विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की अध्यक्षता में विधायकों व अधिकारियों की समिति 7 जनवरी को होने वाली दूसरी बैठक के बाद अपनी रिपोर्ट सीएम को सौंप सकती है। इसमें किसानों को कर्ज से बाहर लाने के लिए मासिक पेंशन या फिर सालाना बोनस शुरू करने की सिफारिश किए जाने की उम्मीद है।
सरकार चुनाव से पहले युवाओं और किसानों को अपने पाले में हर हाल में लाना चाहती है। इसके साथ ही छात्राओं के लिए घर से कुछ कदमों की दूरी पर और नए कॉलेज खोले जाएंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इसका मसौदा तैयार कर सरकार के पास भेज दिया है। पहली जनवरी से प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज पर सौ फीसदी छूट मिलेगी। मूल राशि एकमुश्त जमा कराने पर ये लाभ मिलेगा। हरियाणा रोडवेज में ऑनलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया जनवरी से शुरू हो जाएगी।



