ज्ञान भंडार

पंचकूला हिंसा में मारे गए डेरा समर्थकों के लिए सरकार से मांगा मुआवजा

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने डेरा को दिए थे 50 लाख  

चंडीगढ़/नई दिल्ली : अपने बयानों और कारनामों से विवादित रहे हरियाणा के खेल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंचकूला हिंसा में मारे गए डेरा समर्थकों के लिए सरकार से मुआवजा देने की मांग की है। 25 अगस्त को डेरा प्रमुख गुरमीत राम-रहीम को रेप के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा अनुयायियों ने संगठित रूप से हिंसा फैलाई, जिसमें 38 से ज्यादा लोग मारे गए थे। हरियाणा के खेल और स्वास्थ्य मंत्री ने डेरा प्रमुख रामरहीम को 50 लाख रुपये का दान किया था। विज ने इसके पीछे की दलील देते हुए कहा था कि डेरा सच्चा सौदा का एमएसजी स्टेडियम खेलों को बढ़ावा दे रहा है। विज ने कहा था कि मैंने निजी फंड से 50 लाख रुपये डेरा को देने का फैसला किया। राज्य के खेल मंत्री ने इसकी घोषणा डेरा के एक कार्यक्रम में गुरमीत रामरहीम की मौजूदगी में की थी।

अनिल विज अपने विवादित बयानों के लिए कुख्यात रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गांधी को लेकर भी विवादित बयान दिया था और कहा कि नोटों से उनकी तस्वीर धीरे-धीरे हटा दी जाएगी. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गांधी से बड़ा ब्रांड बता चुके हैं। बता दें कि हरियाणा की बीजेपी सरकार के गुरमीत रामरहीम के साथ घनिष्ठ संबंध रहे हैं। राज्य के मंत्री गुरमीत रामरहीम के साथ अक्सर देखे जाते रहे हैं। साथ ही मंत्रियों की ओर से डेरा सच्चा सौदा को आर्थिक मदद भी दी जाती थी। अनिल विज भी इन्हीं मंत्रियों में से एक हैं।

Related Articles

Back to top button