स्पोर्ट्स

पहलवान मौसम खत्री ने जीता एक करोड़ का इनाम

अंबाला (ईएमएस)। हरियाणा के पहलवान मौसम खत्री ने भारत केसरी दंगल में जीत के साथ ही खिताब पर कब्जा किया है। मौसम खत्री ने 97 किलो वर्ग में एक बार फिर जीत दर्ज की है। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर हुए इस दंगल में विजेताओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री खट्टर ने प्रतियोगिता में अगले वर्ष इनामी राशि एक करोड़ से 2 करोड़ रुपए करने की घोषणा करी तो पूरा हाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। खट्टर ने कहा कि हरियाणा आने वाले समय में दुनिया के सभी खेलों का हब बनकर उभरेगा और अगले वर्ष दंगल की राशि दो करोड़ रुपए की जाएगी।

खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रतियोगिता में पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। सरकार उन्हें ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करें यह उनका प्रयास रहेगा। रियो ओल्मपिक 2016 में भारत के प्रतिनिधित्व करने वाले 22 खिलाड़ियों तथा पैरालम्पिक में भाग लेने वाले 9 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए की राशि से सम्मानित किया गया। वहीं रैफरी की भूमिका निभाने वाले अशोक कुमार को 10 लाख रुपए की सम्मानित राशि प्रदान की गई। इस दौरान ओलंपियन साक्षी मलिक, पी.वी. सिंधु, विनेश फोगाट, गीता फौगाट, दलीप राणा उर्फ ग्रेट खली दर्शकों का विशेष आकर्षण रहे।

Related Articles

Back to top button