फीचर्डराष्ट्रीय

पूर्व कैबिनेट सचिव टीएसआर सुब्रमण्यम का निधन

नयी दिल्ली। पूर्व कैबिनेट सचिव टी एस आर सुब्रमण्यम का निधन हो गया। वह 79 साल के थे। भारतीय प्रशासनिक अधिकारी आईएएस संघ ने ट्विटर के माध्यम से कहा कि सुब्रमण्यम के निधन की खबर सुनकर काफी हैरानी हुई, वह सबसे बेहतर थे और आईएएस समुदाय तथा देश के लिए बड़ी क्षति है। संघ ने परिजनों को प्रति संवेदना जताई। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह और कई आईएएस अधिकारियों ने उनकी मौत पर शोक जताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व कैबिनेट सचिव टी एस आर सुब्रमण्यम की निधन की खबर सुनकर दुख हुआ, वह बहुत मिलनसार थे, विचारों से परिपूर्ण और ऊर्जावान थे। टीवी चैनलों की कई चर्चाओं में उनके साथ विचार साझा किए थे। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार व बिरादरी के लोगों के साथ हैं। आईएएस संघ ने बताया कि सुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार शाम साढ़े पांच बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। सुब्रमण्यम एक अगस्त 1996 से 31 मार्च 1998 तक कैबिनेट सचिव रहे। उनकी मौत के कारणों और अन्य जानकारियों का अभी पता नहीं चल सका है। जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व कैबिनेट सचिव सुब्रमण्यम के निधन की खबर से दुख हुआ। उनके परिवार तथा पूरे आईएएस समुदाय के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग में सचिव अनिल स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा कि सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों में से एक, सुब्रमण्यम नहीं रहे। श्री स्वरूप ने भगवान से आत्मा की शांति की कामना की।

Related Articles

Back to top button