दिल्लीराष्ट्रीय

प्रियंका गांधी लिख रही हैं किताब, प्रकाशक ने एक करोड़ रुपए की रकम बतौर एडवांस दी

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों एक किताब लिख रही हैं। उसके मुताबिक, इस किताब का नाम अगेंस्ट आउट्रेज होगा। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि प्रियंका को इसके लिए प्रकाशक ने एक करोड़ रुपए की रकम बतौर एडवांस दे दी है। किताब का विमोचन 2019 में लोकसभा चुनाव से कुछ रोज पहले किया जाएगा, जबकि प्रियंका को मार्च 2019 तक इसकी पाण्डुलिपि जमा करनी है। सबसे खास बात है कि प्रियंका की यह किताब अंग्रेजी और हिंदी के अलावा भारत की सभी क्षेत्रीय भाषाओं में प्रकाशित की जाएगी।

रिपोर्ट में आगे बताया गया कि ‘अगेंस्ट आउट्रेज’ को ऑडियोबुक के रूप में भी पेश किया जाएगा। इसकी पाण्डुलिपि में 75,000 शब्द हो चुके हैं, जबकि मामले से जुड़े जानकारों ने बताया कि लगभग 300 पन्नों वाली इस किताब में प्रियंका साफ करेंगी कि आखिर वह राजनीति को लेकर क्या राय रखती हैं। वह इसके जरिए अपने राजनीतिक दृष्टिकोण को जगजाहिर करेंगी। हालांकि, किताब के बारे में प्रियंका की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बता दें कि अगले साल अप्रैल और मई में लोकसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में राजनीतिक जानकार और विशेषज्ञ मान रहे हैं कि इस किताब के जरिए कांग्रेस आगामी चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी की लड़ाई में तब्दील करने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, प्रियंका ने खुद को मुख्यधारा की राजनीति से कोसों दूर रखा हुआ है। पर गुरुवार (17 दिसंबर) को तीन राज्यों (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान) के मुख्यमंत्रियों के नाम पर नई दिल्ली में राहुल के घर पर महामंथन हुआ था, तो वह उस दौरान मां सोनिया व अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ उपस्थित थीं। नतीजतन जानकार मान रहे हैं कि वह 2019 में भी पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं।

बता दें कि पूर्व में कांग्रेसी अंदरखाने में कई बार यह मांग उठी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तगड़ा मुकाबला देने के लिए कांग्रेस की तरफ से प्रियंका को सियासी चेहरा बनाया जाना चाहिए। पर हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनाव के नतीजों के बाद इसकी संभावना कम ही है। राजनीतिक विश्लेषक 2019 में कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को ही प्रमु चेहरा मान रहे हैं।

Related Articles

Back to top button