![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/10/priyanka_gandhi0302a.jpg)
नई दिल्ली। यूपी चुनाव में प्रचार के लिए कांग्रेस एक नई रणनीति बना रही है। चुनावों में प्रियंका गांधी कांग्रेस की स्टार प्रचारक होंगी। टीम पीके उनके लिए प्रचार की रणनीति तय कर रही है। इस बार प्रियंका अपने परिवार की परंपरागत सीटों रायबरेली और अमेठी से बाहर निकलकर प्रचार करेंगी। यूपी की करीब 250 सीटों पर वे स्टार प्रचारक होंगी। पिछले चुनावों में कांग्रेस के रनरअप और विनर रहे प्रत्याशियों के इलाकों में प्रियंका की खास सभाएं आयोजित की जाएंगी।
यूपी विधानसभा चुनावों को देखते हुए रैली और यात्राओं में अपनी ताकत झोंक रही कांग्रेस प्रचार के दौरान भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। चुनाव प्रचार पर खास जोर दिया जा रहा है। अभी तक प्रियंका सिर्फ अमेठी और रायबरेली में ही कांग्रेस के लिए प्रचार करती थीं। लेकिन इस बार टीम पीके ने प्रचार के लिए उन्हें जोड़ते हुए खास रणनीति तैयार की है।
प्रचार के दौरान प्रियंका कुछ खास सभाएं भी करेंगी। ये सभाएं उन क्षेत्रों में होंगी जहां कांग्रेस के विधायक हैं या जहां 2012 के चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे थे। कांग्रेस विधायकों की संख्या 28 और दूसरे नंबर पर रहने वालों की संख्या 31 है। उम्मीद तो यह भी जताई जा रही है कि पार्टी इस बार सबसे पहले ऐसे ही लोगों के टिकट की घोषणा करेगी।
युवा प्रचारकों के साथ होंगे अनुभवी लोग
यूपी की 250 सीट पर प्रचार करने के लिए प्रियंका गांधी अकेले नहीं जाएंगी। प्रचार के दौरान जहां युवा चेहरा नजर आएगा तो अनुभवी लोगों की टीम भी साथ होगी। ये अनुभवी होंगे पार्टी के ही पुराने पदाधिकारी। ऐसे ही सात पदाधिकारियों की लिस्ट पर काम चल रहा है। किस क्षेत्र में प्रियंका के साथ कौन अनुभवी पदाधिकारी होगा यह लिस्ट में मौजूद सात नाम में से ही तय किया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि हमें इंतजार रहेगा कि प्रियंका गांधी प्रचार करने आएं। हम उनका इंतजार करेंगे। उनका स्वागत किया जाएगा। यूपी चुनाव के लिए यह अच्छी बात होगी। इससे कार्यकर्ताओं को खुशी होगी।