ब्रेकिंगराज्य

फर्जी मार्कशीट पर हासिल की थी 38 वर्षों तक पुलिस की नौकरी, रिटायरमेंट के बाद खुला राज

भोपाल : मध्य प्रदेश पुलिस ने एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के खिलाफ फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि कपिलदेव सिंह ने फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी हासिल की थी। उन्होंने 38 वर्षों तक नौकरी की और 2018 में रिटायर हुए। बिहार के नालंदा निवासी अखिलेश सिंह ने खरगोन एसपी के समक्ष अप्रैल 2019 में कपिलदेव सिंह के खिलाफ फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच के बाद कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। अखिलेश सिंह की बेटी की शादी आरोपी कपिलदेव सिंह के बेटे अजय से हुई थी। इससे पहले अखिलेश सिंह ने आरोपी और अपने दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप भी लगाया था। दोनों को इस मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में उन्हें कोर्ट से बेल मिली।

अप्रैल में फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी पाने का आरोप लगाया गया। इस मामले के जांच अधिकारी रणवीर सिंह ने कहा, ‘शिकायत के बाद पटना के रसूलपुर स्थित श्री शंकर सिंह हाई स्कूल एक टीम भेजी गई थी। कपिलदेव सिंह के द्वारा दी गई जानकारी में कहा गया है कि 1971 में उसने यहां से आठवीं की परीक्षा पास की थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इस बात से इनकार कर दिया है।’ जांच अधिकारी ने कहा कि आरोपी कपिलदेव सिंह 1980 में खरगोन में कांस्टेबल की नौकरी ज्वाइन की थी। सब इंस्पेक्टर के पद पर रहते हुए 2018 में वह रिटायर हुए। फर्जीवाड़े का एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार है।’

Related Articles

Back to top button