![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/05/ram-rahim.jpg)
जयपुर: सिरसा डेरा सच्चा सौदा गुरमीत राम रहीम सिंह प्रमुख एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। जयपुर में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ एक विवाहिता के अपहरण का आरोप लगाया गया है। अदालत ने गत गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच के आदेश जारी किए हैं। पीड़ित जयपुर के जगतपुरा निवासी कमलेश रैगर ने जयपुर की निचली अदालत को इस्तगासा के जरिये कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ डेरा सच्चा सौदा के सिरसा आश्रम में लगातार जाते रहते थे। हाल ही में 15 मार्च को दोनों आश्रम गए थे लेकिन आश्रम में 29 मार्च से उसने अपनी पत्नी को नहीं देखा, वह तभी से लापता है। कमलेश ने डेरे में अन्य लोगों से जानकारी जुटाई, तो सभी ने पत्नी के प्रभु भक्ति में लीन होने और जल्द ही घर लौट आने की बात कही। पीड़ित ने मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट की अदालत में डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम सिंह, एमडी डी.पी.एस. दत्ता और साह सतनाम सिंह के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाया है। अदालत ने जवाहर सर्किल थाना पुलिस को मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए। गौरतलब है कि डेरा प्रमुख के खिलाफ पहले भी साध्वी यौन शोषण और साधुओं को नपुंसक बनाने का केस चल रहा है, अब नया केस होने पर डेरा प्रमुख की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।