फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

बंगलुरु-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में तीन लोगों की मौत

train accidentचेन्नई : बंगलुरु-एर्नाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस के आज अनेकल के पास पटरी से उतर जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और 60 से अधिक घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जाती है। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बज कर करीब 40 मिनट पर कर्नाटक-तमिलनाडु सीमा पर अनेकल-होसुर के मध्य हुए इस हादसे में ट्रेन के नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। कर्नाटक सरकार ने मौके पर कई एंबुलेन्स भेजीं और बचाव अभियान शुरू करवाया। सूत्रों ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुए डिब्बों में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है और उन्हें बंगलुरु तथा समीपवर्ती होसुर के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। संभागीय रेलवे प्रबंधक (बंगलुरु) अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि हताहतों के बारे में हमें अब तक सटीक जानकारी नहीं है, यह संख्या 10 से कम होनी चाहिए। रेलवे ने बताया कि बंगलुरु सिटी एर्नाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह छह बज कर 15 मिनट पर बंगलुरु से रवाना हुई और सात बज कर करीब 35 मिनट पर अनेकल रोड एवं होसुर के बीच बंगलुरु सिटी-सलेम प्रखंड पर उसके डिब्बे पटरी से उतर गए।
बंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन पर और दुर्घटना स्थल पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। बंगलुरु शहर के हेल्प डेस्क नंबर 080-22371166, 080-22156553, 080-22156554 और 9731666751 हैं। दुर्घटना स्थल के हेल्प डेस्क का नंबर 9448090599 है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री यू टी खादेर ने यहां बताया कि कर्नाटक एवं तमिलनाडु से चिकित्सा दलों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य प्राधिकारियों से मिली सूचना के अनुसार, 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button