उत्तराखंडराज्य

बलियानाला संरक्षण कार्य प्रगति का जायजा

नैनीताल(ईएमएस)। नैनी झील की जीवन रेखा बलियानाला के संरक्षण कार्य प्रगति पर है। बलियानाला संरक्षण कार्य हेतु 41 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसमें से शासन द्वारा 35 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति देते हुए 5 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गयी। बलियानाला संरक्षण कार्य प्रगति का जायजा लेने जिलाधिकारी दीपक रावत शुक्रवार दोपहर बलियानाला पहुंचे। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्य में और प्रगति लाने के निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिये।

श्री रावत ने बलियानाला संरक्षण कार्य की जानकारी लेने पर अधिशासी अभियन्ता सिंचाई बृजेन्द्र कुमार के द्वारा बताया गया कि नाला संरक्षण कार्य हेतु शासन द्वारा स्वीकृत 35 करोड़ के कार्यों के 2 टैण्डर किये गये, जिसमें एक टैण्डर 20 करोड़ एवं दूसरा टैण्डर 15 करोड़ का किया गया है। नाला संरक्षण कार्य दो संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है, जिसमें एक संस्था वुडहिल कन्सट्रक्शन कम्पनी गाजियाबाद व दूसरी राणा कन्सट्रक्शन बिजनौर है। उन्होंने बताया कि नाला संरक्षण हेतु नाले के दोनों ओर 06-06 फिट की सुरक्षा दीवारें, जिसमें 3 फिट ग्रेविटी व 3 फिट ऊपर दीवार बनायी जा रही है।

अभी तक कुल 2310 मीटर लम्बी दीवार का निर्माण नाले के दोनों ओर किया गया है। इसके साथ ही त्रॉस वॉल भी बनाये जायेंगे। उन्होनें बताया कि बजट की प्रत्याशा में अब तक 11 करोड़ के संरक्षण कार्य किये जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि संरक्षण से नाले के तलहटी का कटाव पूर्ण रूप से रूक जायेगा, जिससे भू-कटाव रूकने के साथ ही नैनी झील व नैनीताल शहर सुरक्षित होगा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता सिंचाई बृजेन्द्र कुमार, सहायक अभियन्ता जीडी पाण्डे, आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button