![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2018/04/Untitled-3-copy-17.png)
पटना : आयकर विभाग ने बेनामी सम्पत्ति एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की जमीन जब्त कर लिया। पटना एयरपोर्ट के पास मौजूद मकान पर आयकर विभाग ने जब्ती का इश्तेहार चिपका दिया है। करीब 7105 वर्ग फिट में फैले तेजस्वी के इस सम्पत्ति की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। बीस साल से अधिक पुरानी फेयर ग्रो होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का मकान बेली रोड केन्द्रीय विद्यालय (शेखपुरा मोड़) गेट के सामने है। अति महत्वपूर्ण क्षेत्र में यह मकान 5.22 कठ्ठे में बना है। इसकी कीमत 3 करोड़ 67 लाख रुपए बताई गई है। कंपनी ने यह संपत्ति 2002 में टाटा ग्रुप की कंपनी से 65 लाख रुपए में खरीदी थी।
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। गौरतलब है कि चारा घोटाला से जुड़े छह मामलों में से दुमका कोषागार के चौथे मामले में लालू को 14 साल की सजा सुनाई गई थी, घोटाले से जुड़े अब तक के चारों मामलों में यह सबसे बड़ी सजा है। इससे पहले राजद मुखिया को बीते 24 जनवरी को अदालत ने पांच साल की सजा और 60 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। लालू प्रसाद यादव बिरसा मुंडा जेल में अपनी सजा काट रहे हैं, बहरहाल लालू दिल्ली के एम्स में इलाज करा रहे हैं।