फीचर्डब्रेकिंगराज्य

बिहार में 16 लोगों पर तेजाब से हमला

पटना : बिहार के वैशाली थाने के दाउदनगर गांव में छेड़खानी के विवाद ने इस कदर भयंकर रूप ले लिया कि दबंगों ने पीड़ित पक्ष के 16 लोगों पर तेजाब फेंककर बुरी तरह जख्मी कर दिया। तेजाब से झुलसे लोगों को आनन-फानन में वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से सभी को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सदर अस्पताल में सभी का इलाज किया जा रहा है। घायलों में दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं। घायलों में रूपा कुमारी, जयप्रकाश सिंह, चंद्रकला देवी, रविन्द्र भगत, देवेंद्र भगत, गुड़िया देवी, मनोज भगत, अनिल भगत, नवल किशोर सिंह, पिंटू भगत, अर्जुन कुमार, रौशन कुमार, महेश साह, रामानंद भगत सहित 16 लोग शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित पक्ष की एक लड़की के साथ दो दिन पहले गांव में छेड़खानी की गई थी। इस मामले को लेकर गांव में तनाव कायम हो गया था। बुधवार की सुबह करीब दाउदनगर गांव के ही नंदा भगत का बेटा चाय की दुकान से लौट रहा था। उसके साथ गांव के बालेन्द्र शर्मा और लखिन्द्र शर्मा के परिजनों ने मारपीट की। पीटा गया युवक भी पीड़ित पक्ष का है। उसके बाद बात बढ़ गई और दोनों ओर से मारपीट होने लगी। इसी दौरान बालेन्द्र शर्मा और लखिन्द्र शर्मा पक्ष के लोगों ने तेजाब से हमला कर दिया जिससे दूसरे पक्ष के 16 लोग जख्मी हो गए। मारपीट में हमलावरों के पक्ष के भी पांच लोग जख्मी हुए हैं जिन्हें वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्ष की ओर से वैशाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही थी। सदर एसडीओपी राघव दयाल सदर अस्पताल पहुंचे और तेजाब से जख्मी लोगों से घटना की जानकारी ली। उधर, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि छेड़खानी को लेकर यह घटना नहीं हुई है, बल्कि बच्चों के बीच दो दिन पहले हुए विवाद में यह घटना हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button