बिहारराज्य

बाढ़ ने तैयारियों पर फेरा पानी, फिर भी शादी के लिए 2 KM तक 4-5 फीट पानी में ट्रैक्टर से गया दूल्हा

 

बेतिया जिले में इस साल बाढ़ ने हर तरफ तबाही मचाई है। बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों की परेशानी फिर से बढ़ गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों का पलायन जारी है। वहीं, दूसरी तरफ कई लोगों की शादी भी बाढ़ की वजह से प्रभावित हुई है।

ऐसा ही एक मामला बेतिया जिले के लौरिया प्रखंड के बसंतपुर पंचायत से आया है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी की शादी की पूरी तैयारी कर रखी थी। घर में मेहमान और रिश्तेदार भी पहुंच गए थे, लेकिन अचानक गांव पूरी तरह से बाढ़ से घिर गया।

गांव में अचानक आई बाढ़ ने शादी की तैयारियों पर पानी फेर दिया। फिर भी दोनों पक्षों ने सूझ-बूझ दिखाई। दो किलोमीटर तक करीब 4 से 5 फीट पानी में ट्रैक्टर से यात्रा कर दूल्हा तिवारी टोला निवासी घनश्याम तिवारी के घर, यानी दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गया।

गाड़ियों के काफिले के साथ दूल्हा आलोक जैसे ही सिकरहना नदी से आधा किलोमीटर दूर सतवरिया लचका पर पहुंचा, आगे का रास्ता बाढ़ में डूबा मिला। दुल्हन पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर उन्हें ले जाने के लिए वहां तैनात थे। काफी समझाने के बाद बाराती ट्रैक्टर से जाने को तैयार हुए। दूल्हे को गाड़ी से उतारकर ट्रैक्टर से दुल्हन के दरवाजे पर परिणय सूत्र में बंधने के लिए भेजा।

शादी के बाद शनिवार को दूल्हा आलोक अपनी दुल्हनिया कुमारी रवीना को लेकर ट्रैक्टर से ही पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इजरा गांव जाएगा।

बेतिया में नदियां ऊफान पर

वाल्मीकिनगर बराज से शुक्रवार सुबह दो लाख 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बगहा में धनहा-रतवल मुख्य मार्ग ध्वस्त हो गया था। इससे यूपी-बिहार का संपर्क भंग हो गया। हालांकि पांच घंटे की मशक्कत के बाद इसे ठीक कर आवागमन बहाल कर दिया गया। बेतिया में लौरिया से नरकटियागंज का सड़क संपर्क भंग हो गया।

मैनाटांड़-बेतिया मुख्य मार्ग में दो फुट पानी बह रहा है। गौनाहा के आधा दर्जन गांवों का मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है। सिकटा में ओरिया व सदभावंका नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गौनाहा प्रखंड के जमुनिया के समीप डायवर्सन बह गया है।

Related Articles

Back to top button