ब्लादिमिर पुतिन चौथी बार लड़ेंगे रूस के राष्ट्रपति का चुनाव
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/12/putin.jpg)
मास्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनावों में वह चौथी बार अपनी उम्मीदवारी पेश करेंगे। उन्होंने एक कार फ़ैक्ट्री के मज़दूरों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह रूसी संघ के राष्ट्रपति पद के लिए एक बार फिर अपनी उम्मीदवारी पेश करेंगे। उल्लेखनीय है कि पुतिन सन 2000 से ही कभी राष्ट्रपति तो कभी प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में बने हुए हैं। अगर वह अगले साल मार्च में होने वाला चुनाव भी जीत जाते हैं, तो उनका कार्यकाल 2024 तक बढ़ जाएगा। रूसी टीवी पत्रकार सेनिया सोबचाक पहले ही कह चुकी हैं कि वह भी इस चुनाव में उम्मीदवार होंगी, लेकिन जनमत संग्रहों के हिसाब से लगता है कि पुतिन आसानी से जीत जाएंगे। एक धोखाधड़ी के मामले में दोषी पाए जाने के बाद रूस के मुख्य विपक्षी नेता एलेक्सेई नवाल्नी को आधिकारिक रूप से चुनाव में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
हालांकि वह इसे राजनीति से प्रेरित बताते हैं, लेकिन इस मामले ने तकनीकी रूप से उनकी राह में बाधा तो पैदा कर ही दी है। अधिकांश रूसी लोगों के बीच पुतिन की छवि एक हीरो की है। वह उन्हें एक मजबूत नेता मानते हैं, जिसने सीरियाई गृहयुद्ध में निर्णायक सैन्य हस्तक्षेप कर रूस की वैश्विक छवि को फिर से ज़िंदा किया है। यूक्रेन से क्रीमिया को अलग किए जाने का श्रेय भी लोग पुतिन को देते हैं। उनके आलोचक आरोप लगाते हैं कि वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं और क्रीमिया को ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से अलग किए जाने के उनके कदम से रूस को अंतरराष्ट्रीय जगत में आलोचना का शिकार होना पड़ा है।