बड़ी खबर: ब्रिटिश लेखक काजुओ इशिगुरो को मिला साहित्य का नोबेल पुरस्कार

मूल रूप से जापान के निवासी 63 साल के काजुओ इशिगुरो पिछले काफी समय से ब्रिटेन में रह रहे हैं। उनका जन्म नागासाकी में 8 नवंबर 1954 को हुआ था। वह जब छह साल के थे तब उनका परिवार 1960 में ब्रिटेन में आकर बस गया। उन्होंने 1978 में कैंट यूनिवर्सिटी से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की।
पढ़ाई के दौरान ही उनका रुख लेखन की ओर हो गया था। जल्द ही उनकी पहचान इंग्लैंड के प्रमुख समकालीन कथालेखकों में होने लगी। उन्हें बड़ी पहचान मिली ‘द रिमेंस ऑफ द डे’ नाम के नोबेल से जो 1989 में आया। इसके लिए उन्हें बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
साल 2008 में इशिगुरो को टाइम्स ने इंग्लैंड के 50 सर्वश्रेष्ठ लेखकों में 32वें नंबर पर रखा। उनका सातवां नोबेल ‘The Buried Giant’ साल 2015 में इंग्लैंड और अमेरिका में एकसाथ प्रकाशित हुआ। उनके उपन्यासों पर कई फिल्में भी बन चुकी हैं। नोबेल से पहले इशिगुरो इंग्लैंड के सबसे बड़े सम्मान ऑर्डर ऑफ ब्रिटिश एंपायर से भी सम्मानित हो चुके हैं।



