भाजपा राज्यसभा में बनेगी सबसे बड़ी पार्टी

नईदिल्ली : देश में 2019 में होने वाले आम चुनावों से पहले 2018 राजनीतिक रूप से काफी सक्रियता वाला साल रहने वाला है। अगले साल 8 राज्यों में विधानसभा चुनाव के अलावा राज्यसभा की 65 सीटों पर भी चुनाव होगा।देश के अधिकतर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जिसका उसे आने वाले साल में होने वाली 65 राज्यसभा सीटों के चुनाव में फायदा होगा।अगले साल भाजपा के कुल 17 सदस्य रिटायर होंगे लेकिन विधानसभाओं की मौजूदा स्थिति के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 27 सीटों पर जीत की स्थिति में है। इसके अलावा अगले साल रिटायर होने वाले 4 नामांकित सदस्य भी पार्टी द्वारा ही राज्यसभा में भेजे जाएंगे। इसका मतलब है कि भाजपा को कुल मिलाकर 14 सदस्यों का फायदा हो सकता है।फिलहाल भाजपा राज्यसभा में 57 सीटों वाली पार्टी है और यदि पार्टी को 10 सीटों का फायदा होता है तो भाजपा 67 सीटों के साथ राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी हो जाएगी जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस के 17 सदस्य अगले साल रिटायर होंगे लेकिन विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में पार्टी के पास इतने सदस्य नहीं हैं कि वह रिटायर होने वाले सारे सदस्यों को दोबारा राज्यसभा में भेज सके।
कांग्रेस महज 6 सदस्यों को ही दोबारा राज्यसभा में भेज पाएगी और पार्टी को 11 सदस्यों का नुक्सान होगा। फिलहाल राज्यसभा में कांग्रेस और भाजपा दोनों की 57 सीटें हैं। 11 सीटों के नुक्सान के बाद कांग्रेस 2018 में राज्यसभा के अंदर 50 से नीचे आ सकती है।इस चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी का भी राज्यसभा में खाता खुल जाएगा। ‘आप’ की फिलहाल दिल्ली में सरकार है, लोकसभा में 4 सांसद हैं और पार्टी पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है लेकिन पार्टी के पास राज्यसभा में नुमाइंदगी के लिए कोई व्यक्ति नहीं है। 16 जनवरी को होने वाले दिल्ली की 3 सीटों के चुनाव में पार्टी को 3 सीटों का फायदा होगा। इसी चुनाव में समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका लगेगा।