भारतीय टीम ने इस साल लहराया परचम, जीते सबसे ज्यादा मैच

टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वन-डे सीरीज में 2-1 से हराकर साल 2019 का अंत किया। भारतीय टीम ने साल 2019 में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर सबसे ज्यादा 35 मैच जीते। लगातार चौथे साल टीम इंडिया जीत के मामले में शीर्ष पर रही।
इस साल टीम ने सात टेस्ट, 19 वन-डे और नौ टी-20 मुकाबले जीते। इस मामले में ऑस्ट्रेलियई टीम दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने 30 मैचों में जीत दर्ज की है। तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी विराट कोहली बने। विराट ने 2455 रन के साथ इस साल का अंत किया।
इस मामले में टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। रोहित ने इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2442 रन बनाए। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया अव्वल रही। साल 2019 में भारतीय टीम ने एक भी मैच नहीं हारी।
भारतीय टीम ने आठ में से सात मुकाबले जीते, जबकि एक ड्रॉ रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 11 में से सात मुकाबले जीते। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को चार-चार जबकि श्रीलंका-वेस्टइंडीज ने तीन-तीन मुकाबले जीते।
टीम इंडिया जीत के मामले में वन-डे में भी शीर्ष पर रही। भारत ने 28 में से 19 मुकाबले जीते। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 16, इंग्लैंड ने 14, न्यूजीलैंड ने 13, दक्षिण अफ्रीका ने 11 और वेस्टइंडीज को 10 मैच में जीत मिली।
देश | मैच | जीते | हारे |
भारत | 52 | 35 | 15 |
ऑस्ट्रेलिया | 42 | 30 | 9 |
इंग्लैंड | 42 | 24 | 12 |
न्यूजीलैंड | 40 | 24 | 13 |
द. अफ्रीका | 34 | 18 | 14 |
वेस्टइंडीज | 46 | 15 | 28 |
श्रीलंका | 42 | 14 | 26 |
अफगानिस्तान | 33 | 13 | 19 |
बांग्लादेश | 30 | 11 | 19 |
पाकिस्तान | 41 | 11 | 27 |