अन्तर्राष्ट्रीयस्पोर्ट्स

भारत की नजरें एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर

Sushil-Kumarइंचियोन। राष्ट्रमंडल खेलों में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करने से उत्साहित भारतीय खिलाड़ियों की नजरें शुक्रवार से शुरू हो रहे 17वें एशियाई खेलों में चीन और जापान जैसे महाद्वीप के दिग्गजों के सामने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर होंगी। भारत ने 2010 एशियाड में 14 स्वर्ण, 17 रजत और 34 कांस्य समेत 65 पदक जीते थे। इससे एक महीना पहले दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने रिकॉर्ड 101 पदक हासिल किये थे जिनमें 38 स्वर्ण शामिल थे। ग्वांग्क्षू खेलों में भारत छठे स्थान पर था जो 1982 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। मेजबान चीन 199 स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष पर रहा था। भारत 2002 एशियाई खेलों में आठवें स्थान पर रहा था जबकि 2006 में दोहा में इसे बरकरार रखा। ग्वांग्क्षू में भारत ने दो पायदान की प्रगति की और अब लक्ष्य शीर्ष पांच में जगह बनाने पर है। केंद्र सरकार ने भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा प्रस्तावित 952 सदस्यीय दल में कटौती कर दी थी। अब दल में 679 सदस्य हैं जिनमें 516 खिलाड़ी हैं। अभी भी भारतीय दल काफी बड़ा है। भारत एक्वाटिक्स, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, केनोइंग और क्याकिंग, साइकिलिंग, घुड़सवारी, फुटबॉल, गोल्फ, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, नौकायन, सेपक-टेकरा, निशानेबाजी, स्क्वॉश, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, वुशू, भारोत्तोलन और याचिंग में भाग ले रहा है। भारत को बैडमिंटन, स्क्वाश, मुक्केबाजी, कुश्ती और कबड्डी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। कबड्डी में पुरुष टीम लगातार सातवां और महिला टीम दूसरा स्वर्ण जीतने के इरादे से उतरेगी। एजेंसी

Related Articles

Back to top button