राष्ट्रीयस्पोर्ट्स

भारत वालीबाल स्पर्धा में पुरूष और महिला दोनों वर्गों में

basketballमुंबई। भारत को अगले महीने दक्षिण कोरिया के इंचियोन में शुरू होने वाले 17वें एशियाई खेलों की वालीबाल प्रतियोगिता के पुरूष और महिला दोनों वर्गों में जगह दी गई है। भारतीय पुरूष टीम को हांगकांग, मालदीव और 2010 एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता ईरान के साथ ग्रुप सी में जगह दी गई है। महिला टीम को ग्रुप ए में 2010 के उपविजेता मेजबान दक्षिण कोरिया, जापान और थाईलैंड के साथ रखा गया है। भारतीय पुरूष टीम ने 2010 में ग्वांग्झू में हुए एशियाई खेलों में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी जहां उसे थाईलैंड के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। महिला टीम पिछले एशियाई खेलों में 11 टीमों के बीच नौवें स्थान पर रही थी। भारतीय पुरूष टीम इससे पहले एशियाई खेलों में एक रजत और दो कांस्य पदक सहित तीन पदक जीत चुकी है जबकि महिला टीम को अभी अपने पहले पदक का इंतजार है। भारतीय पुरूष टीम ने तोक्यो में 1958 में कांस्य पदक जीता था जहां वालीबाल ने पदार्पण किया था। चार साल बाद जकार्ता में टीम रजत पदक जीतने में सफल रही। पुरूष टीम ने अपना आखिरी पदक दक्षिण कोरिया में ही सोल में 1986 में कांस्य पदक के रूप में जीता।

Related Articles

Back to top button