उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़

भ्रष्टाचार में जकड़ा है उप्र, अब सर्जिकल स्ट्राइक जरूरी : खट्टर 

bjp-parivartan-rallyहरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा, उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो किसानों की समस्या होगी समाप्त 
———– 
सहारनपुर: भाजपा की परिवर्तन रैली में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पिछले करीब डेढ़ दशक से उप्र भ्रष्टाचार में जकड़ा हुआ हैं। अब भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक जरूरी है। उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो हरियाणा की तरह यहां भी भ्रष्टाचार समाप्त होगा। 
शनिवार को सहारनपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा रैली में भाग लेने आए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें इस बात का संतोष है कि अधिकतर वादों को पूरा कर दिया है। वहां भ्रष्टाचार सिस्टम की नसों में घुस गया था, उसे बाहर निकालना बहुत जरूरी था, क्योंकि वह कैंसर का रूप ले रहा था। अब हरियाणा में भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है। यदि उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो यहां भी ऐसे ही होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गन्ना किसानों को 14 दिन में भुगतान हो रहा है। उप्र में भाजपा की सरकार बनने पर गन्ना किसानों की समस्या समाप्त होगी। कहा कि उप्र से बड़े पैमाने पर पापुलर की लकड़ी हरियाणा जाती है। यदि किसानों को कम रेट मिल रहा है तो इसके लिए उनकी सरकार नहीं बल्कि औद्योगिक इकाइयां जिम्मेदार है। यदि उप्र में इस लकड़ी बेस इकाइयां स्थापित हो तो किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा पर उप्र सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि उप्र में  गुंडागर्दी खत्म करानी है तो भाजपा की सरकार बनवानी होगी। हमें पता है कि यहां गुंडे बूथ कब्जा लेते हैं, इसलिए हम चुनाव आयोग से कह कर यहां केंद्रीय सुरक्षा बल लगवाएंगे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य भी थे। रैली स्‍थल पर लोगों की भीड़ जुट रही है। राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह आधा घंटे बाद रैलीस्‍थल पर पहुंचेंगे और संबोधन शुरू करेंगे। इसके बाद परिवर्तन रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रथ यात्रा पर 12 लोग सवार होंगे। रैलीस्‍थल व शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

Related Articles

Back to top button