उत्तर प्रदेशफीचर्ड

मंत्री का पीआरओ बनकर करता था ठगी, गिरफ्तार

एसएसपी आफिस लाया गया जालसाज अभिषेक
एसएसपी आफिस लाया गया जालसाज अभिषेक

लखनऊ। खुद को मंत्री पीआरओ बाताकर सचिवालय एनेक्सी के पंचम तल से ठगी का कारोबार करने वाले जालसाज अभिषेक निगम उर्फ नीटू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जालसाज झारखण्ड, दिल्ली और लखनऊ के कई कारोबारियों से करोड़ो रुपये ठगे थे। एसएसपी का कहना है कि जालसाज ने सभी को करोड़ों रुपये का ठेका और टेण्डर दिलाने के का झांसा दिया था। आरोपी के गैंग में एक महिला सहित पांच लोग अन्य हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि बाजारखाला में रहने वाले अभिषेक निगम उर्फ नीटू यादव को क्राइम ब्रांच और हजरतगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने झारखण्ड निवासी मनोज कुमार को फिनायल और फ्लोर क्लीनर का टेण्डर दिलाने के लिए लाखों रुपये लिए थे। पीड़ित को टेण्डर नहीं मिला तो वह आरोपी से सम्पर्क किया। इस पर जालसाज अभिषेक ने रुपये देने में टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया। पुलिस जांच कर रही थी कि दिल्ली के रूपनगर निवासी अरूण सूद ने पुलिस से सम्पर्क किया। पीड़ित की अरूण इन्डस्ट्रीज प्रा0लि0 के नाम से कम्पनी है। जालसाज ने पीड़ित से कहा कि उसे शासन से लैपटॉप बैग, स्कूली बैग सहित अन्य सामानों का करीब 40 करोड़ रुपये का टेण्डर दिला देगा। झांसे में आने पर अभिषेक ने कारोबारी से मोटी रकम वसूल ली थी। इसके साथ ही आरोपी ने अलीगंज निवासी अजहर हुसैन ने करीब 40 लाख रुपये की ठगी की है। आरेापी ने बताया कि जालसाज खुद को होमगार्ड विभाग का मंत्री बताया और उसको ठेका दिलाने का झांसा दिया। झांसे में आये अजहर हुसैन से आरोपी ने लाखों रुपये वसूल लिये थे। पीड़ित ने एसएसपी को आरोपी के द्वारा दिये हुए शासन के फर्जी दस्तावेज सौंपे हैं।
मुख्यमंत्री और मंत्री के साथ लगाया है फोटो
आरोपी अभिषेक निमग समाजवादी पार्टी का नेता बताता था। आरोपी मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों के साथ फोटो खीचवाकर फेसबुक और घर में लगाया है। सूत्र बतातें हैं कि आरोपी पार्टी के कई मंत्रियों का करीबी था। वह अक्सर उनके साथ कार्यक्रम में देखा गया है। जालसाज इन्हीं सब का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेता था और उनसे ठगी करता था।
लालबत्ती गाड़ी से जाता था सचिवालय और एनेक्सी
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गाड़ियों में लालबत्ती लगी है। आरोपी लालबत्ती से एनेक्सी और सचिवायल में जाता था। एसएसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित अजहर हुसैन ने बताया कि आरोपी ने अपनी गाड़ी में उसे एनेक्सी पंचमतल ले गया था, जहां उसे करोड़ों रुपये का ठेका दिलाने का झांसा दिया था। पीड़ित अजहर ने आरोपी की रिकार्डिंग भी एसएसपी को सौंपी है।
फर्जी शासनादेश भी करता था जारी
जालसाज अभिषेक निगम शासन के कई फर्जी शासनादेश भी जारी करता था। पीड़ितों को जाल में फंसाने के बाद उन्हें फर्जी शासनदेश पकड़ा देता था। आरोपी के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद किये हैं। इसके साथ ही पुलिस को पीड़ितों ने भी कई अहम दस्तावेज सौंपे हैं। पुलिस सभी दस्तावेजों के जरिये जांच कर रही है।
सब नेता जी कहते थे जालसाज को
सूत्रों का कहना है कि जालसाज को नेताजी के नाम से जानते थे। इसके साथ ही नामजद महिला भावना अरोड़ा भी आरोपी को नेताजी ही कहती थी। सूत्र बतातें हैं कि आरोपी ने दर्जनभर से ज्यादा लोगों के साथ ठगी की है। एसएसपी ने बताया कि उनके पास कई पीड़ितों ने फोन कर आरोपी के द्वारा ठगे जाने की जानकारी दी है।
कई मंत्रियों का था करीबी
सूत्रों का कहना है कि जालसाज समाजवादी पार्टी के कई मंत्रियों के करीबी रहा है। आरोपी पंचम तल और उनके आवास पर अक्सर मिलने जाता था। सूत्र बतातेे हैं कि कई मंत्री आरोपी के घर भी जाते थे। इसके साथ ही वह उनके साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होता था।

Related Articles

Back to top button