फीचर्डराष्ट्रीय

महागठबंधन के आपस में सीट के बंटवारे में हुई बेईमानी: सपा

spपटना: बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस महागठबंधन के आपस में सीटों का बंटवारा किये जाने से नाराज प्रदेश समाजवादी पार्टी (सपा)ने आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दी है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गये है। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि महागठबंधन में हुए सीटों के बंटवारे में बेईमानी हुई है और पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। यादव कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के किसी नेता के साथ सीटों के बंटबारे में विचार-विमर्श नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जनाधार विहीन पार्टी कांग्रेस को 40 सीट दे दी गई, जबकि उनकी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अनदेखी की गई। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीट बंटवारे के पहले सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और जदयू प्रमुख शरद यादव से कोई चर्चा नहीं की गई। राजद अध्यक्ष श्री यादव एवं मुख्यमंत्री कुमार ने अपने-अपने लाभ-हानि के हिसाब से सीटों का बंटवारा कर लिया। उन्होंने इसे सरासर धोखा बताया और कहा कि इसकी कीमत गठबंधन को चुकानी पड़ेगी। यादव ने कहा कि गठबंधन की शुरुआत सपा प्रमुख यादव की पहल पर हुई थी, ताकि देश में मजबूत विकल्प के साथ-साथ सांप्रदायिकता के खिलाफ सशक्त गठबंधन खड़ा किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा की लड़ाई हम लड़ते रहेंगे और लालू-नीतीश की मनमानी नहीं चलने देंगे। धरना में सुभाष चंद्र यादव, शत्रुघ्न पासवान, अमरनाथ पाल, सम्राट संतोष, किरण यादव, देवेंद्र यादव, राजेश सिंह, गायत्री यादव, सीता सरोजनी, सुशीला देवी, विपिन बिहारी पाठक, उर्मिला देवी, अजय यादव, विजय यादव, इस्तेयाक आलम, हुलास महतो के अलावा बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। उल्लेखनीय है कि महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजद और जद यू 100-100 सीटों पर तथा कांग्रेस 40 सीटों पर चुनाव लडऩे की घोषणा की है, जबकि तीन सीटे अन्य दलों के छोड़ दिया गया है।

Related Articles

Back to top button