राजनीतिराष्ट्रीय

मिदनापुर रैली में पंडाल गिरने से 67 जख्मी, मोदी ने भाषण रोककर एसपीजी जवानों को मदद के लिए भेजा


सुबह से रुक-रुक कर बारिश हुई, मिट्टी गीली होने की वजह से हुआ हादसा
मिदनापुर​/कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यहां हुई रैली के दौरान पंडाल का एक हिस्सा गिर गया। इसमें 13 महिलाओं समेत 67 लोग जख्मी हो गए। मोदी ने जैसे ही पंडाल गिरते देखा, भाषण रोक दिया और अपनी हिफाजत में लगे एसपीजी जवानों को फौरन मदद के लिए भेजा। भाजपा समर्थक शामियाने पर चढ़ गए थे, जिसके चलते ये हादसा हुआ। मोदी भाषण रोककर बार-बार लोगों से नीचे आने की अपील करते नजर आए। रैली खत्म होने के बाद मोदी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिले। एक घायल युवती को दिलासा देते हुए मोदी ने कहा- बहुत हिम्मत है बेटा तुम्हारे में। अगर हिम्मत रहेगी तो तुम एकदम ठीक हो जाओगी।’ इसी दौरान मोदी जब दूसरी घायल युवती से हालचाल लेने पहुंचे तो उसने ऑटोग्राफ मांगा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उसे ऑटोग्राफ भी दिया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा, उन्होंने कहा- माटी और मानुष की बातें करने वालों की असलियत अब सामने आ गई। ये लोग सिंडिकेट बनाकर आपको लूट रहे हैं। ये सिंडिकेट जबरन वसूली कर रहा है। किसानों का हक छीन रहा है। आज पश्चिम बंगाल का आम नागरिक सामान्य जीवन मुश्किल से जी रहा है, यहां पूजा भी मुश्किल में है। सिंडिकेट की मर्जी के बिना पश्चिम बंगाल में कुछ भी करना मुश्किल है। पश्चिम बंगाल की सरकार आपके लिए काम नहीं कर रही है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए काम कर रही है। अभी हाल ही में हमारी सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया, जो पश्चिम बंगाल के किसानों को भी बहुत बड़ी ताकत देने वाला है। हमने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया है। हम 22 हजार किसानों को अपग्रेड करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। हमारी सरकार किसानों की सरकार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बंगाल में 16.80 फीसदी वोट और दो सीटें मिलीं थीं। इसके बाद से भाजपा को राज्य में विस्तार की संभावनाएं दिखीं। इसकी झलक उपचुनावों में भी दिखी। उलुबेरिया लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को 23.29 प्रतिशत वोट मिले। 2014 में यहां उसे 11.5 प्रतिशत वोट मिले थे। नोआपाड़ा विधानसभा सीट पर 2016 में जहां भाजपा को 13 प्रतिशत वोट मिले थे, यहां उपचुनाव में 20.7 फीसदी वोट मिले। वहीं, लेफ्ट और कांग्रेस के वोट प्रतिशत में कमी आई। कोंतई विधानसभा उप-चुनावों में भाजपा 30 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही।

Related Articles

Back to top button