उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ में बाइक सवार बदमाशों ने किसान की गोली मारकर कर दी हत्या, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

मेरठ में आज सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया जब किसान खेत से अपने घर लौट रहा था। गांव के बाहर ही हमलावरों ने किसान को रोक लिया। उसके बाद उसे गोली मार दी। गोली लगते ही किसान जमीन पर गिर पड़ा। उसके शरीर से खून निकल रहा था। हमलावर तब तक मौके पर बने रहे,जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई।

बदमाशों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था
घटना मवाना क्षेत्र के ततीना गांव की है। यहां किसान सतपाल सिंह (60) सोमवार सुबह घर से खेत पर पानी देखने गए थे। वह आज सुबह खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर ही काले रंग की पल्सर पर दो हमलावर पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।

उन्होंने गांव के बाहर ही मुख्य रास्ते पर किसान सतपाल सिंह को रोक लिया। उसके बाद उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीण उसे आनन- फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
वारदात की सूचना पर इंस्पेक्टर मवाना धर्मेंद्र राठौर, सीओ उदय प्रताप सिंह व एसपी देहात केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस के सामने ही हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि हत्यारों ने सरेराह वारदात को अंजाम दिया है।

परिवार की तरफ से नहीं दी गई तहरीर
एसपी देहात ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द से जल्द घटना का खुलासा करेगी। पुलिस ने बताया किकई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस जमीनी रंजिश को लेकर हत्या मान रही है। परिवार के लोगों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।

घटना के खुलासे के लिए एसओजी लगाई गई
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसओजी व मवाना पुलिस घटना के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। आसपास के लोगों से भी वारदात के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button