मोदी के लिए 41 दिनों की तपस्या!

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नरेंद्र मोदी के चाहने वाले उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखने के लिए अजब-गजब के कारनामे कर रहे हैं। उप्र के मुजफ्फरनगर जिले में ऐसा ही एक वाकया सामने आया है। वहां एक शख्स मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए 41 दिनों की तपस्या में लीन है। मोदी को प्रधानमंत्री पद पर देखने के लिए शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली के निवासी राजेन्द्र सिंह तपस्या में लीन हैं। गांव वालों का कहना है कि राजेंद्र भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी के बडे़ समर्थक हैं।गांव वालों के अनुसार राजेन्द्र ने जो तपस्या शुरू की है उससे गांव वाले हैरान हैं। गांव वालों ने उन्हें ऐसा न करने के लिए काफी समझाया-बुझाया लेकिन राजेंद्र नहीं माने।राजेंद्र ने अपनी तपस्या 1० मई को शुरू की थी। तपस्या के लिए राजेन्द्र ने एक खेत में खडे़ होकर अपने चारों और आग जलाई है। गोबर के उप्पलों में चारों तरफ जल रही आग के भीतर वह तपस्या लीन हैं। वह न तो किसी से बात करते हैं और न ही कुछ बोलते और सुनते हैं।तपस्या में लीन राजेन्द्र सिंह के नजदीकी प्रवीण कश्यप ने कहा कि राजेन्द्र अपने नेता मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की कामना को लेकर 41 दिनों की तपस्या में लीन हैं।प्रवीण ने बताया कि राजेंद्र का मानना है कि मोदी की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार और महंगाई से देश को छुटकारा मिलेगा और इससे जनता को राहत मिलेगी।



